Breaking News

किसानों की मांगों को लेकर फतेहपुर में भाकियू का प्रदर्शन, समस्याओं के समाधान का मिला आश्वासन

फतेहपुर। किसानों की विभिन्न समस्याओं के समाधान की मांग को लेकर भारतीय किसान यूनियन (भाकियू) के कार्यकर्ताओं ने शनिवार को जिलाध्यक्ष नवल किशोर की अध्यक्षता में नहर कॉलोनी में धरना-प्रदर्शन किया। संगठन ने मौके पर बड़े अधिकारियों को बुलाकर किसानों की समस्याओं का समाधान कराने की मांग की।

सदर एसडीएम पिनाक पाणि द्विवेदी मौके पर पहुंचे और किसानों को समझाने का प्रयास किया, लेकिन संगठन के लोग धरना समाप्त करने के लिए तैयार नहीं हुए। किसानों ने आरोप लगाया कि समय-समय पर अधिकारियों को किसानों की समस्याओं से अवगत कराया जाता रहा है, लेकिन समस्याओं का अपेक्षित समाधान नहीं हो रहा है।

जिलाध्यक्ष नवल सिंह पटेल की ओर से जिलाधिकारी को संबोधित ज्ञापन में थानों में किसानों के खिलाफ दर्ज मुकदमों को वापस लेने, जिले में बढ़ते अपराध पर रोक लगाने तथा किसानों की जान-माल की सुरक्षा सुनिश्चित करने की मांग की गई। बंद पड़ी सहकारी समितियों को तत्काल चालू कराने और किसानों को समय से उर्वरक उपलब्ध कराने की भी मांग उठाई गई।

ज्ञापन में मंडियों में आढ़तियों द्वारा आलू पर लिए जा रहे अतिरिक्त शुल्क पर रोक लगाने, जल जीवन मिशन के तहत अधूरी पड़ी पानी की टंकियों का निर्माण पूरा कराने, खराब सड़कों की मरम्मत कराने, गांवों में सफाई और दवा का छिड़काव कराने तथा नालियों की सफाई कराने की मांग की गई।

इसके अलावा खखरेरू थाने में तैनात उपनिरीक्षक कृपाशंकर यादव पर किसानों पर दबाव बनाकर अवैध वसूली करने और एकतरफा कार्रवाई करने का आरोप लगाते हुए जांच एवं कार्रवाई की मांग की गई।

किसानों ने हदबंदी और बंटवारे के मुकदमों में आख्या देने की समय-सीमा निर्धारित करने, अंश निर्धारण और नाम शुद्धिकरण की प्रक्रिया को सरल बनाने, अघोषित बिजली कटौती से निजात दिलाने तथा दूरसंचार कंपनियों के नेटवर्क की जांच कर कार्रवाई किए जाने की मांग भी रखी।

धरना समाप्त कराने के लिए पुलिस अधीक्षक की ओर से सीओ सिटी गौरव शर्मा को मौके पर भेजा गया। किसानों ने चेतावनी दी कि यदि उनकी समस्याओं का समाधान नहीं किया गया तो वे रेलवे ट्रैक पर बैठकर आंदोलन करने के लिए मजबूर होंगे।

काफी देर तक चले मान-मनौव्वल के बाद उप जिलाधिकारी पिनाक पाणि द्विवेदी ने किसानों को उनकी सभी समस्याओं का जल्द निस्तारण कराने का आश्वासन दिया। इसके बाद किसान धरना समाप्त करने के लिए राजी हुए।

इस मौके पर राष्ट्रीय संगठन मंत्री राजेंद्र सिंह, शशांक उत्तम, रामहंस पटेल, रमन सिंह, देव नारायण पटेल, विवेक सिंह यादव, रेहाना परवीन, ममता गुप्ता, जितेंद्र पटेल, मुन्ना शेख, नागेंद्र यादव, सुरेंद्र पटेल, दिनेश भानु प्रताप सिंह सहित अन्य किसान नेता एवं कार्यकर्ता मौजूद रहे।

About NW-Editor

Check Also

फतेहपुर में मेधावी छात्र-छात्राओं का सम्मान, उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाली प्रतिभाओं को मिला पुरस्कार

फतेहपुर। डॉ. सत्यनारायण सेवा फाउंडेशन के तत्वावधान में शनिवार को स्वर्गीय डॉ. सत्यनारायण भारती विद्यालय, …

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *