Breaking News

ससुर खदेरी नदी में डूबे युवक की तलाश खत्म, एसडीआरएफ ने 24 घंटे बाद बरामद किया शव

खागा, फतेहपुर। खखरेरू थाना क्षेत्र में जन्माष्टमी के बाद मूर्ति विसर्जन के दौरान ससुर खदेरी नदी में डूबे 35 वर्षीय युवक का शव करीब 24 घंटे बाद एसडीआरएफ की टीम ने बरामद कर लिया। शव मिलने की जानकारी होते ही परिजनों में कोहराम मच गया, वहीं मौके पर ग्रामीणों की भीड़ जुट गई।

बैरी गांव निवासी मनीष कश्यप शुक्रवार को गांव के लोगों के साथ ट्रैक्टर से मूर्ति विसर्जन के लिए ससुर खदेरी नदी पहुंचे थे। मूर्ति विसर्जन के बाद मनीष नदी में नहाने लगे। इसी दौरान वह अचानक गहरे पानी में चले गए और डूबने लगे। युवक को डूबता देख आसपास मौजूद लोगों में हड़कंप मच गया।

घटना की सूचना मिलते ही स्थानीय पुलिस मौके पर पहुंची और ग्रामीणों व क्षेत्रीय गोताखोरों की मदद से नदी में युवक की तलाश शुरू कराई गई। देर रात तक तलाश के बावजूद युवक का कोई सुराग नहीं मिल सका।

शनिवार को प्रशासन के निर्देश पर एसडीआरएफ की टीम घटनास्थल पर पहुंची और नदी में सघन तलाशी अभियान चलाया। काफी मशक्कत के बाद टीम ने मनीष कश्यप का शव नदी से बरामद कर लिया।

मौके पर खखरेरू थाना प्रभारी सतपाल सिंह और चौकी प्रभारी प्रशांत मिश्रा पुलिस बल के साथ मौजूद रहे। शव बरामद होने के बाद पुलिस ने आवश्यक कार्रवाई शुरू कर दी है। घटना के बाद से मृतक के परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है।

About NW-Editor

Check Also

बारिश के पानी से परेशान ग्रामीणों को मिली राहत, राजस्व टीम ने खुलवाई जलनिकासी

खागा, फतेहपुर। ऐरायां विकासखंड के मंडवा गांव के मजरे कल्लूखियां का पुरवा में बारिश के …

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *