खागा, फतेहपुर। दिवाली की रात पटाखे जलाने के दौरान हुई एक दर्दनाक घटना ने पूरे परिवार की खुशियां छीन लीं। खागा कोतवाली क्षेत्र के फतेहपुर टेकारी गांव में सुतली बम फटने से एक 10 वर्षीय मासूम बच्चे की मौत हो गई। हादसे के बाद परिवार में कोहराम मच गया, वहीं पूरे गांव में शोक की लहर दौड़ गई।
जानकारी के अनुसार, फतेहपुर टेकारी गांव निवासी संतू का 10 वर्षीय पुत्र सचिन दिवाली की रात पड़ोस के बच्चों के साथ पटाखे जला रहा था। इसी दौरान उसने एक सुतली बम में आग लगाकर फेंका, लेकिन बम नहीं फटा। कुछ देर तक इंतजार करने के बाद सचिन ने उसे उठाकर अपनी पैंट की जेब में रख लिया। इसी बीच अचानक सुतली बम जेब में ही तेज धमाके के साथ फट गया। धमाका इतना जोरदार था कि सचिन गंभीर रूप से घायल हो गया।
धमाके की आवाज सुनकर आसपास के ग्रामीण मौके पर पहुंचे और परिजनों को घटना की जानकारी दी। बदहवास परिजन आनन-फानन में मासूम को लेकर निजी अस्पताल पहुंचे, जहां चिकित्सकों ने उसे मृत घोषित कर दिया। बच्चे की मौत की खबर सुनते ही परिवार पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा।
दिवाली की रात जिस घर में खुशियों के दीप जल रहे थे, वहां देखते ही देखते मातम छा गया। मासूम की असमय मौत से परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है। वहीं गांव के लोग भी इस हृदयविदारक घटना से स्तब्ध हैं।
घटना ने एक बार फिर पटाखों का इस्तेमाल करते समय सावधानी बरतने की जरूरत को उजागर किया है। इस संबंध में कोतवाली प्रभारी संजय पांडेय ने बताया कि मामले की जांच की जा रही है।
News Wani
