कैलिफोर्निया। अमेरिका के कैलिफोर्निया में शनिवार सुबह आए 5.0 तीव्रता के भूकंप से कई इलाकों में अफरा-तफरी मच गई। भूकंप के झटके लॉस एंजेलिस और आसपास के क्षेत्रों में महसूस किए गए। अचानक धरती हिलने से लोग दहशत में आ गए। कई दुकानों में रखा सामान नीचे गिर गया, जबकि कुछ इमारतों को भी नुकसान पहुंचने की खबर सामने आई है।
भूकंप का असर लॉस एंजेलिस इंटरनेशनल एयरपोर्ट पर भी देखने को मिला। सुरक्षा के मद्देनजर हवाई अड्डे पर उतरने की तैयारी कर रही कई उड़ानों को वापस भेज दिया गया। इस दौरान एक टर्मिनल की छत से टाइलें नीचे गिर गईं। कुछ स्थानों पर कांच टूटने और पाइपलाइन से पानी बहने की घटनाएं भी सामने आईं।
समुद्र में था भूकंप का केंद्र
अमेरिकी भूवैज्ञानिक सर्वेक्षण (USGS) के अनुसार, भूकंप शनिवार सुबह करीब 9:30 बजे मैनहट्टन बीच से लगभग 6 किलोमीटर दूर समुद्र में आया। इसकी गहराई जमीन से करीब 12 किलोमीटर नीचे बताई गई है। भूकंप के झटके केंद्र से लगभग 43 किलोमीटर दूर पासाडेना तक महसूस किए गए।
45 मिनट में कई बार आए झटके
मुख्य भूकंप के बाद करीब 45 मिनट के भीतर कई आफ्टरशॉक दर्ज किए गए। इनमें सबसे तेज झटके की तीव्रता 3.7 रही। लगातार महसूस हो रहे झटकों के कारण स्थानीय लोगों में चिंता बढ़ गई।
स्थिति को देखते हुए लॉस एंजेलिस फायर डिपार्टमेंट ने आपातकालीन प्रतिक्रिया व्यवस्था सक्रिय कर दी। शहर के सभी 106 फायर स्टेशनों के कर्मचारियों को संभावित नुकसान का आकलन करने के लिए लगाया गया। शुरुआती रिपोर्ट में किसी के घायल होने या बड़े स्तर पर इमारतों के क्षतिग्रस्त होने की पुष्टि नहीं हुई।
रिफाइनरी से उठीं लपटें, अधिकारियों ने बताई वजह
भूकंप के कुछ समय बाद लॉस एंजेलिस एयरपोर्ट के पास स्थित एल सेगुंडो रिफाइनरी से आग की लपटें और धुआं उठता दिखाई दिया। इससे लोगों में चिंता बढ़ गई। हालांकि, अधिकारियों ने स्पष्ट किया कि यह आग भूकंप के कारण नहीं लगी थी।
रिफाइनरी में सुरक्षा व्यवस्था के तहत अतिरिक्त गैस को नियंत्रित तरीके से जलाया जा रहा था। कंपनी के मुताबिक, भूकंप जैसी आपात स्थिति में संयंत्र के उपकरण स्वतः बंद हो जाते हैं और सुरक्षा प्रक्रिया के तहत अतिरिक्त गैस को जलाया जाता है।
यह रिफाइनरी दक्षिणी कैलिफोर्निया की ईंधन जरूरतों के लिहाज से महत्वपूर्ण है। यहां से क्षेत्र के करीब 20 प्रतिशत वाहनों के ईंधन और 40 प्रतिशत जेट फ्यूल की आपूर्ति होती है।
सुनामी का खतरा नहीं, लोगों को सतर्क रहने की सलाह
लॉस एंजेलिस की मेयर करेन बैस ने बताया कि शुरुआती आकलन में बड़े नुकसान की जानकारी नहीं मिली है। उन्होंने लोगों से संभावित आफ्टरशॉक को लेकर सतर्क रहने और भूकंप के दौरान सुरक्षित स्थान पर रहने की अपील की।
वहीं, अमेरिकी सुनामी चेतावनी केंद्र ने स्पष्ट किया कि इस भूकंप के कारण सुनामी आने का कोई खतरा नहीं है। स्थानीय प्रशासन की टीमें अलग-अलग इलाकों में पहुंचकर नुकसान का आकलन कर रही हैं।
News Wani
