खागा, फतेहपुर। नगर को जाम और भारी वाहनों के बढ़ते दबाव से निजात दिलाने के लिए उपजिलाधिकारी खागा द्वारा जारी नो एंट्री के आदेश के पहले ही दिन उसकी खुलेआम धज्जियां उड़ती नजर आईं। प्रशासनिक आदेश लागू होने के बावजूद बालू लदे भारी-भरकम ट्रकों का नगर के अंदर से गुजरना कई गंभीर सवाल खड़े कर रहा है।
बीते मंगलवार को शाम करीब पांच बजे किशुनपुर रोड से चौक-चौराहों होते हुए नगर के अंदर से भारी मात्रा में बालू लादकर ट्रक गुजरते दिखाई दिए। हैरानी की बात यह रही कि प्रशासन की ओर से जारी प्रतिबंध के बावजूद इन वाहनों को रोकने-टोकने वाला कोई जिम्मेदार अधिकारी या कर्मचारी मौके पर नजर नहीं आया। भारी वाहनों की नगर के व्यस्त मार्गों से आवाजाही ने प्रशासनिक व्यवस्था की पोल खोलकर रख दी।
गौरतलब है कि उपजिलाधिकारी खागा की ओर से 21 नवंबर को जारी कार्यालय आदेश में पीस कमेटी की बैठक, व्यापार मंडल, पत्रकार संघ सहित अन्य संभ्रांत नागरिकों के साथ हुई बैठकों में उठाई गई समस्याओं को ध्यान में रखते हुए नगर में भारी वाहनों के प्रवेश पर नियंत्रण के निर्देश दिए गए थे।
आदेश में स्पष्ट किया गया था कि किशुनपुर, विजयपुर एवं आसपास के क्षेत्रों से आने वाले भारी वाहनों को निर्धारित व्यवस्था के तहत ही संचालित किया जाएगा। साथ ही खागा कस्बे के अंदर व्यावसायिक कार्यों के लिए ट्रैक्टर-ट्रॉली एवं अन्य भारी वाहनों के प्रवेश पर रोक रहेगी।
प्रशासन का उद्देश्य नगर को जाम से मुक्त करना, बाजार में अव्यवस्थित यातायात पर अंकुश लगाना और आम नागरिकों, व्यापारियों तथा स्कूली बच्चों को सुरक्षित आवागमन उपलब्ध कराना था। लेकिन आदेश लागू होने के पहले ही दिन इसकी जमीनी हकीकत सामने आ गई।
सबसे बड़ा सवाल यह है कि जब प्रशासन ने बाकायदा आदेश जारी कर दिया था तो फिर बालू लदे भारी ट्रक नगर के अंदर कैसे पहुंच गए? क्या संबंधित पुलिस और प्रशासनिक अधिकारियों को इसकी जानकारी नहीं थी या फिर जानबूझकर अनदेखी की गई?
नगरवासियों के बीच यह चर्चा भी तेज है कि क्या खनन कारोबार से जुड़े ठेकेदारों और वाहन संचालकों के दबाव के आगे प्रशासनिक आदेश बेअसर साबित हो रहे हैं? यदि ऐसा नहीं है तो प्रतिबंध के पहले ही दिन नियमों की खुलेआम अनदेखी करने वाले वाहनों के खिलाफ कार्रवाई क्यों नहीं की गई?
अब देखना यह होगा कि प्रशासन इस मामले को कितनी गंभीरता से लेता है और नो एंट्री के आदेश का सख्ती से पालन कराने के लिए क्या कदम उठाता है।
News Wani
