फतेहपुर। गाजीपुर कस्बे के चौराहे के समीप ट्रैक्टर से टकराकर एक बाइक सड़क पर गिर गई। हादसे में बाइक सवार दो युवक गंभीर रूप से घायल हो गए। दोनों को इलाज के लिए नजदीकी सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र पहुंचाया गया, जहां डॉक्टरों ने प्राथमिक उपचार के बाद जिला अस्पताल रेफर कर दिया।
जानकारी के अनुसार, असोथर थाना क्षेत्र के हनुवां गांव निवासी कंधई लाल का 25 वर्षीय पुत्र अनूप कुमार और सोहन लाल का 18 वर्षीय पुत्र अनिरुद्ध एक ही बाइक पर सवार होकर किसी काम से घर से निकले थे। जैसे ही उनकी बाइक गाजीपुर कस्बे के चौराहे के समीप पहुंची, तभी एक ट्रैक्टर से टकरा गई। टक्कर लगने से बाइक अनियंत्रित होकर सड़क पर गिर गई, जिससे दोनों युवक गंभीर रूप से घायल हो गए।
हादसे के बाद स्थानीय लोगों की मदद से दोनों घायलों को गाजीपुर सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र पहुंचाया गया। वहां डॉक्टरों ने प्राथमिक उपचार किया और हालत गंभीर देखते हुए सरकारी एंबुलेंस से जिला अस्पताल रेफर कर दिया। जिला अस्पताल पहुंचने पर ड्यूटी पर मौजूद डॉक्टरों ने दोनों को भर्ती कर उपचार शुरू कर दिया।
News Wani
