- प्रॉपर्टी डीलरों से सांठगांठ का आरोप, हत्यारोपी भतीजा साथियों संग फरार
- गांव में तनाव, कुड़वार समेत कई थानों की पुलिस तैनात
सुलतानपुर। जमीन विवाद में रिश्तों की मर्यादा तार-तार हो गई। कोतवाली नगर क्षेत्र के करौंदिया डिहवा गांव में भतीजे ने अपने सहयोगियों के साथ मिलकर चाचा-चाची पर जानलेवा हमला कर दिया। गंभीर रूप से घायल हैदर अब्बास (55) की इलाज के दौरान शनिवार तड़के मौत हो गई, जबकि उनकी पत्नी की हालत नाजुक बनी हुई है और उन्हें लखनऊ रेफर किया गया है। घटना शुक्रवार की बताई जा रही है। जमीन के बंटवारे को लेकर लंबे समय से विवाद चल रहा था और मामला न्यायालय में भी विचाराधीन था। आरोप है कि इसी बीच हत्यारोपी भतीजा कीमती जमीन को लेकर कुछ प्रॉपर्टी डीलरों के संपर्क में आ गया, जिससे विवाद और गहरा गया। पूर्व में भी इसी बात को लेकर दोनों पक्षों में कई बार झड़प हो चुकी थी। घटना के बाद गंभीर हालत में दोनों घायलों को सुलतानपुर मेडिकल कॉलेज लाया गया, जहां परिजनों ने डॉक्टरों पर लापरवाही का आरोप लगाया है। आरोप है कि पर्याप्त संसाधन होने के बावजूद समय पर समुचित इलाज न देकर रेफर करने की औपचारिकता निभाई गई, जिससे हैदर अब्बास की जान नहीं बच सकी। घटना के बाद गांव में तनाव की स्थिति बनी हुई है। एहतियातन कुड़वार सहित कई थानों की पुलिस गांव में तैनात कर दी गई है। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है और फरार हत्यारोपी भतीजे व उसके साथियों की तलाश में दबिश दी जा रही है। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि मामले की गहन जांच की जा रही है और दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी।
News Wani
