खागा, फतेहपुर। तहसील क्षेत्र के ऐरायां विकासखंड स्थित सेमौरी ग्राम सभा के निहालपुर-जगजीवनपुर के पास बीएसएनएल की लाइन बिछाने के दौरान पानी की टंकी की भूमिगत पाइपलाइन क्षतिग्रस्त हो गई। इसके चलते निहालपुर बरातघर के पास पिछले एक सप्ताह से लगातार पानी बहकर बर्बाद हो रहा है।
ग्रामीणों की शिकायत के बावजूद अब तक पाइपलाइन की मरम्मत नहीं कराई गई है। ग्रामीणों ने चेतावनी दी है कि यदि पानी का बहाव जल्द नहीं रोका गया तो आसपास के खेतों में बोई गई गेहूं की फसल को नुकसान पहुंच सकता है।
ग्रामीणों के मुताबिक, इस समस्या की जानकारी कई बार नलकूप विभाग को दी जा चुकी है, लेकिन अभी तक विभाग का कोई अधिकारी या कर्मचारी मौके पर नहीं पहुंचा। इसके चलते बड़ी मात्रा में पानी व्यर्थ बह रहा है।
इस संबंध में एडीओ पंचायत अर्पण अग्रवाल ने बताया कि उन्हें मामले की जानकारी मिली है। मौके पर विभागीय कर्मचारियों को भेजा गया है, ताकि समस्या का समाधान कराया जा सके।
News Wani
