Breaking News

फतेहपुर में सामूहिक विवाह समारोह बना खुशियों का उत्सव, 20 जोड़ों ने थामा एक-दूजे का हाथ

फतेहपुर। अमौली विकासखंड के बूढ़वा गांव स्थित ब्रह्मदेव सरकार आश्रम में आयोजित 17वां सर्वजातीय सामूहिक विवाह समारोह मंगलवार को धूमधाम के साथ संपन्न हुआ। धर्म संस्कार महोत्सव, श्री विष्णु महायज्ञ और मेले के बीच आयोजित इस समारोह में 20 जोड़ों ने एक-दूसरे का हाथ थामकर जीवनभर साथ निभाने का संकल्प लिया। वैदिक मंत्रोच्चार, मंगलगीतों और धार्मिक अनुष्ठानों से पूरा आश्रम परिसर भक्तिमय नजर आया।

समारोह में जयमाला की रस्म आकर्षण का केंद्र रही। जैसे ही वर-वधुओं ने एक-दूसरे को जयमाला पहनाई, पूरा परिसर ‘रघुवर कोमल कमल नयन को पहनाओ जयमाला’ गीत से गूंज उठा। इसके बाद सभी जोड़े अपने-अपने विवाह मंडप में पहुंचे, जहां पुरोहितों ने वैदिक मंत्रोच्चार के बीच विधि-विधान से विवाह की रस्में संपन्न कराईं। सात फेरों के साथ सभी 20 जोड़े वैवाहिक बंधन में बंध गए।

इस दौरान वर-वधुओं के परिजनों और समारोह में मौजूद लोगों ने नवदंपतियों को आशीर्वाद देकर उनके सुखमय दांपत्य जीवन की कामना की। विवाह की सभी रस्में पूरी होने के बाद भव्य भंडारे का आयोजन किया गया, जिसमें अतिथियों और क्षेत्रीय लोगों ने प्रसाद ग्रहण किया। इसके बाद भावुक माहौल में नवविवाहित जोड़ों की विदाई की गई।

आयोजकों की ओर से सभी नवदंपतियों को नई गृहस्थी बसाने के लिए बेड, अलमारी, गद्दा, श्रृंगारदान, बॉक्स, तकिया, बर्तन और कपड़ों सहित दैनिक उपयोग की तमाम आवश्यक वस्तुएं उपहार स्वरूप भेंट की गईं।

समारोह में मुख्य अतिथि के रूप में कैबिनेट मंत्री राकेश सचान मौजूद रहे। विशिष्ट अतिथियों के रूप में विधायक जय कुमार सिंह जैकी और विधायक राजेंद्र पटेल ने शिरकत की। जनप्रतिनिधियों ने नवविवाहित जोड़ों को आशीर्वाद देते हुए आयोजकों के इस सामाजिक और सराहनीय प्रयास की प्रशंसा की।

आयोजक विमलेश त्रिवेदी ने समारोह में पहुंचे सभी अतिथियों, जनप्रतिनिधियों और क्षेत्रीय लोगों के प्रति आभार व्यक्त किया।

इस मौके पर ब्लॉक प्रमुख सुशीला सिंह, इंद्रजीत सिंह, अरविंद उमराव, श्रीकांत उत्तम, विवेक उत्तम, सोमदत्त पांडेय, राकेश यादव, रामआसरे अवस्थी, प्रमोद सचान, डॉ. पुष्पेंद्र सैनी, प्रशांत अवस्थी, चंदन सचान, भक्त कुटार सहित बड़ी संख्या में गणमान्य नागरिक और क्षेत्रीय लोग मौजूद रहे।

About NW-Editor

Check Also

फतेहपुर में 24 वर्षीय युवक की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत, परिवार में मचा कोहराम

फतेहपुर। राधानगर थाना क्षेत्र के जयरामनगर में मानसिक तनाव से परेशान 24 वर्षीय युवक ने …

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *