न्यूज़ वाणी ब्यूरो, फतेहपुर। जनपद में फाइलेरिया जैसी गंभीर बीमारी को जड़ से समाप्त करने के लिए स्वास्थ्य विभाग की ओर से सर्वजन दवा सेवन (एमडीए) अभियान चलाया जा रहा है। अभियान के तहत अब तक पांच लाख से अधिक लोगों को फाइलेरिया रोधी दवा खिलाई जा चुकी है। स्वास्थ्य विभाग की टीमें लगातार घर-घर पहुंचकर लोगों को दवा का सेवन कराने के साथ बीमारी से बचाव के प्रति जागरूक कर रही हैं।
स्वास्थ्य विभाग के आंकड़ों के अनुसार, जनपद में कुल 24 लाख 44 हजार 28 लोगों को फाइलेरिया रोधी दवा खिलाने का लक्ष्य निर्धारित किया गया है। इसके सापेक्ष बुधवार, 25 नवंबर तक 5 लाख 3 हजार 96 लोगों ने दवा का सेवन कर लिया है। यह कुल लक्षित आबादी का लगभग 21 प्रतिशत है।
2,010 टीमें घर-घर पहुंचकर करा रहीं दवा का सेवन
अभियान को प्रभावी ढंग से संचालित करने के लिए स्वास्थ्य विभाग ने व्यापक तैयारियां की हैं। इसके तहत 2,010 स्वास्थ्य टीमें और 379 पर्यवेक्षक तैनात किए गए हैं। ये टीमें शहरी क्षेत्र के अलावा अमौली, असोथर, भिटौरा, हसवा, देवमई, धाता, खजुहा, खागा, तेलियानी और विजयीपुर सहित विभिन्न क्षेत्रों में लोगों तक पहुंच रही हैं।
मुख्य चिकित्सा अधिकारी डॉ. उदय भान सिंह ने बताया कि अभियान के दौरान कुछ लोगों ने शुरुआत में दवा खाने से इनकार किया था। अब तक 68 हजार 39 लोगों ने दवा लेने से मना किया, लेकिन स्वास्थ्यकर्मियों के समझाने और जागरूकता प्रयासों के बाद इनमें से 26 हजार 93 लोग दवा सेवन के लिए तैयार हो गए। इस तरह इनकार करने वाले लगभग 38 प्रतिशत लोगों को राजी करने में स्वास्थ्य विभाग को सफलता मिली है।
खागा क्षेत्र दवा सेवन में सबसे आगे
दवा सेवन के मामले में खागा क्षेत्र जनपद में पहले स्थान पर है। यहां 2 लाख 29 हजार 796 लोगों को दवा खिलाने का लक्ष्य रखा गया है। इसके सापेक्ष अब तक 63 हजार 385 लोग दवा का सेवन कर चुके हैं। यह निर्धारित लक्ष्य का लगभग 28 प्रतिशत है।
मच्छरों से फैलती है फाइलेरिया की बीमारी
सीएमओ ने बताया कि फाइलेरिया मच्छरों के काटने से फैलने वाली परजीवी बीमारी है। संक्रमण के कारण व्यक्ति के हाथ-पैरों में लंबे समय तक सूजन और हाइड्रोसील जैसी गंभीर समस्याएं हो सकती हैं। इस बीमारी के संक्रमण को रोकने और इसके प्रसार पर नियंत्रण पाने के लिए सामूहिक रूप से दवा का सेवन करना बेहद जरूरी है।
अभियान के तहत पात्र लोगों को एलबेंडाजोल, आइवरमेक्टिन और डाईइथाइल कार्बामजीन (डीईसी) दवाएं स्वास्थ्यकर्मियों की निगरानी में दी जा रही हैं।
सीएमओ ने लोगों से की दवा सेवन की अपील
मुख्य चिकित्सा अधिकारी डॉ. उदय भान सिंह ने जनपदवासियों से अपील की है कि वे फाइलेरिया रोधी दवा को लेकर किसी भी तरह की अफवाह या भ्रम में न आएं। स्वास्थ्य विभाग की टीम जब उनके घर पहुंचे तो उसका सहयोग करें और पात्र होने पर स्वास्थ्यकर्मियों के सामने ही दवा का सेवन करें। उन्होंने कहा कि जनसहभागिता और सामूहिक प्रयासों से ही फाइलेरिया मुक्त जनपद का लक्ष्य हासिल किया जा सकता है।
News Wani
