खागा/फतेहपुर। विकास खंड विजयीपुर की ग्राम पंचायत गढ़ीवा मझगवां में जलभराव के कारण ग्रामीणों का चलना दूभर हो गया है। घरों के आसपास कीचड़ और बारिश का पानी भरा हुआ है। हालात यह हैं कि लोग बदबूदार पानी से परेशान हैं।
गांव में ओम त्रिवेदी के दरवाजे से मोती केवट के दरवाजे तक जाने वाले मुख्य रास्ते पर घुटने भर पानी और कीचड़ जमा है। ग्रामीणों ने बताया कि नाली की निकासी न होने और रास्ता कच्चा होने के कारण बारिश का पानी सड़क पर ही जमा हो गया है।
इसी रास्ते से रोज सैकड़ों लोगों, स्कूली बच्चों और महिलाओं का आवागमन होता है। जलभराव के कारण लोगों को गिरकर चोटिल होना पड़ रहा है। वहीं, गंदे पानी के कारण संक्रामक बीमारियों का खतरा भी बढ़ गया है।
ग्रामीणों का कहना है कि इस समस्या को लेकर कई बार ग्राम पंचायत को अवगत कराया गया, लेकिन अभी तक कोई सुनवाई नहीं हुई। ग्रामीणों ने प्रशासन से जल्द जल निकासी की व्यवस्था कराने और रास्ते पर मिट्टी व खड़ंजा डलवाने की मांग की है।
ग्राम प्रधान मनोज कुमार ने बताया कि बजट के अभाव में सड़क नीचे हो गई है, जिससे बारिश का पानी लंबे समय तक जमा रहता है।
News Wani
