फतेहपुर। उत्तर प्रदेश संस्कृत संस्थान, लखनऊ द्वारा आयोजित संस्कृत प्रतिभा खोज प्रतियोगिता-2026 के तहत जनपद स्तरीय संस्कृत गीत एवं सामान्य ज्ञान प्रतियोगिता का आयोजन रविवार को डॉ. भीमराव आंबेडकर राजकीय महिला महाविद्यालय में धूमधाम से किया गया।
कार्यक्रम का शुभारंभ मुख्य अतिथि भाजपा जिलाध्यक्ष अन्नू श्रीवास्तव ने मां सरस्वती की प्रतिमा पर माल्यार्पण एवं दीप प्रज्ज्वलित कर किया। महाविद्यालय की छात्राओं ने सरस्वती वंदना प्रस्तुत की, जबकि सरस्वती विद्या मंदिर के छात्रों ने संस्कृत स्वागत गीत प्रस्तुत किया।
मुख्य अतिथि अन्नू श्रीवास्तव ने कहा कि संस्कृत भाषा मानवता के कल्याण के लिए ईश्वर का अनुपम वरदान है। संस्कृत में अंतरिक्ष विज्ञान, आयुर्वेद, योग, सामाजिक समरसता और नैतिकता से जुड़े महत्वपूर्ण सूत्र समाहित हैं। उन्होंने संस्कृत भाषा में नवाचार, शोध और रोजगार की संभावनाओं पर विशेष जोर दिया।
सारस्वत अतिथि केंद्रीय संस्कृत विश्वविद्यालय के प्रो. राजकुमार मिश्र ने कहा कि संस्कृत का वैज्ञानिक स्वरूप वर्तमान समय की अनेक समस्याओं के समाधान में उपयोगी हो सकता है। महाविद्यालय की प्राचार्या प्रो. शकुंतला ने कहा कि संस्कृत के गहन अध्ययन के लिए अंधानुकरण से हटकर गंभीर दृष्टिकोण अपनाने की आवश्यकता है।
जनपद संयोजक डॉ. यशुनारायण द्विवेदी ने स्वागत भाषण एवं कार्यक्रम की रूपरेखा प्रस्तुत की। कार्यक्रम का संचालन डॉ. विपिन कुमार द्विवेदी एवं ओमदत्त द्विवेदी ने किया।
प्रतियोगिता के परिणाम
संस्कृत गीत प्रतियोगिता में
- अभिनव सिंह ने प्रथम स्थान प्राप्त किया।
- प्रखर वर्मा द्वितीय स्थान पर रहे।
- काव्या मिश्रा ने तृतीय स्थान हासिल किया।
सामान्य ज्ञान प्रतियोगिता में
- सरस्वती बालिका विद्या मंदिर, वीआईपी रोड की वैष्णवी साहू प्रथम रहीं।
- पगलेश्वर संस्कृत विद्यालय की रीतिका ने द्वितीय स्थान प्राप्त किया।
- अंतिमा कुशवाहा तृतीय स्थान पर रहीं।
दोनों वर्गों में तीन-तीन सांत्वना पुरस्कार भी प्रदान किए गए।
निर्णायक मंडल में डॉ. राजकुमार मिश्र, डॉ. चंद्रभूषण, डॉ. विजय कुमार प्यासी एवं डॉ. चारु मिश्रा शामिल रहे।
इस अवसर पर प्रो. प्रशांत त्रिवेदी सहित कई शिक्षक, अभिभावक तथा छात्र-छात्राएं मौजूद रहे। कार्यक्रम के दौरान विजेता एवं प्रतिभागी छात्र-छात्राओं को शील्ड एवं पुरस्कार देकर सम्मानित किया गया।
News Wani
