न्यूज़ वाणी ब्यूरो बाँदा। नाबार्ड द्वारा संचालित राष्ट्रव्यापी ग्राम युवा शक्ति अभियान (NGYSC) के अंतर्गत जिला-स्तरीय जागरूकता एवं मोबिलाइज़ेशन कार्यक्रम का आयोजन बाँदा कृषि एवं प्रौद्योगिकी विश्वविद्यालय के उद्यान महाविद्यालय के सम्मेलन कक्ष में किया गया। कार्यक्रम का उद्देश्य अपना स्टार्टअप या उद्यम शुरू करने के इच्छुक युवाओं के लिए “उद्यम पाइपलाइन” तैयार करना है, जिसमें उन्हें उचित मार्गदर्शन, बैंक सहयोग, विभागीय सहायता और बाज़ार संपर्क उपलब्ध कराए जाएँगे।
कार्यक्रम में उद्यान महाविद्यालय के अधिष्ठाता डॉ अजय कुमार सिंह, विश्वविद्यालय के प्रशिक्षण एवं प्लेसमेंट प्रकोष्ठ के नोडल अधिकारी डॉ अभिषेक कालिया, अग्रणी जिला प्रबंधक संगम मिश्रा, उपायुक्त उद्योग अजय कुमार यादव, उप निदेशक कृषि अभय कुमार यादव, जिला कृषि अधिकारी संजय कुमार, मुख्य पशु चिकित्सा अधिकारी निर्मल गुप्ता तथा My Bharat की स्वयंसेवी अदिति मिश्रा सहित अनेक गणमान्य अतिथि उपस्थित रहे।
संदीप कुमार गौतम ने प्रतिभागियों को अभियान के उद्देश्यों से अवगत कराया तथा कृषि अवसंरचना कोष, स्वयं सहायता समूह, किसान उत्पादक संगठन आदि योजनाओं पर प्रस्तुति दी। जिला उद्योग केंद्र के महाप्रबंधक ने सीएम युवा, पीएमईजीपी, ओडीओपी और ओडीओसी जैसी योजनाओं पर विस्तृत प्रस्तुति दी। एलडीएम संगम मिश्रा ने युवाओं के लिए उपलब्ध बैंक सहायता की जानकारी दी, जबकि उप निदेशक कृषि ने एग्री क्लिनिक एवं कृषक उत्पादक संघ के बारे में बताया। मुख्य पशु चिकित्सा अधिकारी ने पशुपालन विभाग की सहायता तथा नंदिनी एवं मिनी नंदिनी योजनाओं की जानकारी दी और सुश्री अदिति मिश्रा ने जिला युवा कार्यालय की योजनाओं पर प्रकाश डाला।
नाबार्ड के सहयोग से आयोजित इस कार्यक्रम का संयोजन डॉ अभिषेक कालिया ने किया जिसमें विश्वविद्यालय के लगभग 250 विद्यार्थियों ने प्रतिभाग किया।
News Wani
