Breaking News

बारिश ने खोली सड़क निर्माण की पोल, प्रसिद्धपुर-ऐरई मार्ग पर कीचड़ और गड्ढों से बढ़ी मुश्किल

धाता, फतेहपुर। प्रसिद्धपुर से ऐरई तक जाने वाली पक्की सड़क पूरी तरह जर्जर हो चुकी है। सड़क से गिट्टी और डामर का नामोनिशान तक मिट गया है। इन दिनों हो रही बारिश के चलते मार्ग पर जगह-जगह पानी, कीचड़ और दलदल हो गया है। इससे राहगीरों और वाहन चालकों को आवागमन में भारी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है।

यह मार्ग यमुना तटवर्ती गांव सेमरी, ऐरई, तुलसीपुर, मखौवा, रानीपुर, दामपुर समेत आसपास के कई गांवों के लोगों के लिए मुख्य आवागमन का रास्ता है। ग्रामीण इसी मार्ग से कौशांबी, राजापुर और चित्रकूट सहित अन्य स्थानों पर आते-जाते हैं। धाता ब्लॉक, बैंक, अस्पताल और बाजार पहुंचने के लिए भी यह सबसे सुगम मार्ग माना जाता है।

सड़क की हालत खराब होने से सबसे अधिक परेशानी स्कूली बच्चों, मरीजों और बुजुर्गों को उठानी पड़ रही है। ऐरई में राजकीय हाईस्कूल भी संचालित है। बारिश के दौरान सड़क पर बने गड्ढों और दलदल से होकर स्कूल पहुंचना विद्यार्थियों के लिए मुश्किल हो गया है।

वहीं गंभीर मरीजों को अस्पताल ले जाने वाली एंबुलेंस को भी खराब सड़क के कारण दूसरे रास्तों से होकर जाना पड़ रहा है। इससे मरीजों को समय पर उपचार मिलने में परेशानी की आशंका बनी रहती है।

प्रसिद्धपुर गांव में हर वर्ष लगभग एक माह बाद चौकी कार्यक्रम आयोजित होता है, जिसमें प्रतियोगिताओं के साथ सुंदर-सुंदर झांकियां निकाली जाती हैं। दूर-दूर से लोग इन झांकियों को देखने पहुंचते हैं। ऐसे में सड़क की बदहाल स्थिति आयोजन के दौरान भी लोगों के लिए परेशानी का कारण बन सकती है।

क्षेत्र के ज्ञान सिंह, रावेंद्र सिंह, नंदकान, नंदलाल, मिश्रीलाल, चंद्रभूषण मिश्रा आदि ने जिला प्रशासन से सड़क का जल्द निर्माण कराए जाने की मांग की है। ग्रामीणों का कहना है कि मार्ग का निर्माण हो जाने से कई गांवों के लोगों को आवागमन में बड़ी राहत मिलेगी।

अवर अभियंता रामलखन ने बताया कि सड़क अब रिपेयर लायक नहीं बची है। पूरी सड़क का नए सिरे से निर्माण कराया जाएगा।

About NW-Editor

Check Also

बदहाल रास्ते और जलनिकासी की समस्या से गढ़ीवा मझगवां में संकट, घुटने तक पानी में चलने को मजबूर ग्रामीण

खागा/फतेहपुर। विकास खंड विजयीपुर की ग्राम पंचायत गढ़ीवा मझगवां में जलभराव के कारण ग्रामीणों का …

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *