ब्यूरो संजीव शर्मा
इटावा। अपर पुलिस महानिदेशक कानपुर जोन, कानपुर एवं पुलिस उप महानिरीक्षक कानपुर परिक्षेत्र, कानपुर के निर्देशन में जनपद में अपराध एवं आपराधिक गतिविधियों की रोकथाम हेतु वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक इटावा बृजेश कुमार श्रीवास्तव द्वारा दिए गए निर्देशों के क्रम में थाना भरथना पुलिस को बड़ी सफलता प्राप्त हुई है। दिनांक 13/14 जनवरी 2026 की रात्रि को थाना भरथना पुलिस टीम क्षेत्र में भ्रमणशील रहकर संदिग्ध व्यक्ति एवं वाहनों की चेकिंग कर रही थी, इसी दौरान पुलिस को आपराधिक अभिसूचना प्राप्त हुई कि गणेश राइस मिल के पास स्थित पावर हाउस के समीप कुछ व्यक्ति चोरी की योजना बना रहे हैं। सूचना मिलते ही पुलिस टीम ने तत्परता दिखाते हुए मौके पर पहुंचकर कार्रवाई की और दो अभियुक्तों को गिरफ्तार कर लिया। गिरफ्तार अभियुक्तों की तलाशी लेने पर उनके कब्जे से एक अवैध तमंचा 315 बोर, दो जिंदा कारतूस 315 बोर, एक अवैध लोहे की चापड़ तथा चोरी की घटनाओं में प्रयुक्त किए जाने वाले उपकरण बरामद किए गए। कड़ाई से पूछताछ करने पर अभियुक्तों ने स्वीकार किया कि वे दिन में रेकी कर रात्रि के समय चोरी की घटनाओं को अंजाम देते थे। अभियुक्तों की निशादेही पर कांशीराम कॉलोनी गिहार नगर क्षेत्र से दो बोरी एवं एक प्लास्टिक की पन्नी में भरा चोरी किया गया घरेलू सामान भी बरामद किया गया। इस दौरान अंधेरे का लाभ उठाकर एक अभियुक्त अभिषेक पुत्र कंजू मौके से फरार हो गया, जिसकी गिरफ्तारी के लिए पुलिस टीम लगातार प्रयासरत है। उक्त गिरफ्तारी एवं बरामदगी के आधार पर थाना भरथना में मु0अ0सं0 07/2026 धारा 305, 313, 317(2) भारतीय न्याय संहिता तथा धारा 3/4/25 आर्म्स एक्ट के अंतर्गत अभियोग पंजीकृत किया गया है।
गिरफ्तार अभियुक्तों में राज उर्फ राजू पुत्र शंकर बाल्मीकि निवासी कांशीराम कॉलोनी गिहार नगर तथा मोनू पुत्र महेश निवासी गिहार नगर कस्बा भरथना जनपद इटावा शामिल हैं। अभियुक्त राज उर्फ राजू का पूर्व में भी गंभीर आपराधिक इतिहास रहा है, जिसके विरुद्ध चोरी, आर्म्स एक्ट एवं अन्य गंभीर धाराओं में कई मुकदमे पंजीकृत हैं। बरामद सामान में अवैध तमंचा, कारतूस, लोहे की चापड़, रॉड, स्क्रू ड्राइवर, रेती, छेनी, हथौड़ी, प्लास, कटर सहित चोरी की गई स्टील की टोटियां, स्टील पाइप, हरे रंग के पर्दे, एलईडी टीवी, सेटअप बॉक्स, एल्यूमिनियम का भगौना, तांबे व पीतल के लोटे तथा कांसे की कटोरी शामिल हैं। इस सराहनीय कार्य को अंजाम देने वाली पुलिस टीम में निरीक्षक विक्रम सिंह प्रभारी थाना भरथना, उप निरीक्षक राजकुमार, कांस्टेबल अजय सिंह, हिमांशु शुक्ला, रिंकू कुमार एवं चालक राजकिशोर सहित पुलिस टीम की महत्वपूर्ण भूमिका रही।
News Wani
