Breaking News

मतदाता सूची को दुरुस्त करने में जुटा प्रशासन, डीएम ने मतदान केंद्रों पर पहुंचकर जांची पुनरीक्षण की प्रगति

फतेहपुर। विधानसभा निर्वाचन नामावलियों के विशेष संक्षिप्त पुनरीक्षण कार्यक्रम-2027 को लेकर जिला प्रशासन पूरी तरह सक्रिय है। शनिवार को विशेष अभियान दिवस के अवसर पर जिलाधिकारी एवं जिला निर्वाचन अधिकारी निधि गुप्ता वत्स ने शहर के विभिन्न मतदान केंद्रों का औचक निरीक्षण कर मतदाता सूची पुनरीक्षण कार्यों की जमीनी हकीकत परखी। इस दौरान उन्होंने बीएलओ से नए मतदाताओं के पंजीकरण, दावे-आपत्तियों और मतदाता सूची में संशोधन की प्रगति की जानकारी ली। साथ ही कार्य में तेजी लाने के निर्देश दिए।

जिलाधिकारी ने लाल बहादुर शास्त्री इंटर कॉलेज में स्थित बूथ संख्या 141, 142, 143, 144, 145 एवं 146, राजकीय इंटर कॉलेज में स्थित बूथ संख्या 37, 38, 39, 40, 41 एवं 42 तथा सरस्वती शिशु मंदिर चौक स्थित मतदान केंद्र का निरीक्षण किया। उन्होंने संबंधित बूथों पर तैनात बीएलओ से प्राप्त आवेदनों और उनके निस्तारण की स्थिति की जानकारी लेते हुए आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।

डीएम ने स्पष्ट निर्देश दिए कि भारत निर्वाचन आयोग की गाइडलाइन के अनुसार मतदाता सूची को त्रुटिरहित एवं अद्यतन बनाने के लिए पूरी गंभीरता से कार्य किया जाए। विशेष रूप से 18 वर्ष की आयु पूरी कर चुके युवाओं का नाम मतदाता सूची में शामिल कराने के लिए प्रभावी अभियान चलाया जाए। नाम जोड़ने, हटाने और संशोधन से संबंधित सभी आवेदनों का नियमानुसार समयबद्ध एवं गुणवत्तापूर्ण निस्तारण सुनिश्चित किया जाए।

उन्होंने कहा कि कोई भी पात्र नागरिक मतदाता सूची में अपना नाम दर्ज कराने से वंचित नहीं रहना चाहिए। बीएलओ अपने दायित्वों का जिम्मेदारी और सतर्कता के साथ निर्वहन करें तथा घर-घर जाकर लोगों को मतदाता सूची में अपना नाम जांचने के लिए जागरूक करें।

जिलाधिकारी ने आमजन से भी अपील की कि वे मतदाता सूची में अपना नाम अवश्य जांच लें। यदि नाम दर्ज नहीं है अथवा किसी प्रकार की त्रुटि है तो निर्धारित प्रपत्र के माध्यम से आवेदन कर उसमें सुधार कराएं।

निरीक्षण के दौरान पीएमश्री राजकीय बालिका इंटर कॉलेज, लाल बहादुर शास्त्री इंटर कॉलेज एवं सरस्वती शिशु मंदिर के प्रधानाचार्य, संबंधित बीएलओ सहित अन्य कर्मचारी मौजूद रहे।

About NW-Editor

Check Also

फतेहपुर में सपा ने महात्मा ज्योतिबा फुले को किया याद, शिक्षा और सामाजिक न्याय के संदेश पर दिया जोर

फतेहपुर। समाजवादी पार्टी के प्रदेश नेतृत्व के निर्देशानुसार शनिवार को पार्टी कार्यालय में महान समाज …

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *