न्यूज़ वाणी संवाददाता, फतेहपुर। नागरिक सुरक्षा कलेक्टरगंज प्रखंड की मासिक बैठक शुक्रवार को डिवीजनल वार्डन संजय तिवारी की अध्यक्षता में आयोजित की गई। बैठक में नागरिक सुरक्षा स्थापना दिवस, आगामी मॉक ड्रिल, आपदा प्रबंधन प्रशिक्षण और संगठन से जुड़े महत्वपूर्ण विषयों पर चर्चा करते हुए आवश्यक दिशा-निर्देश दिए गए।
वरिष्ठ सहायक उपनियंत्रक के लखनऊ में संबद्ध होने के कारण बैठक की जिम्मेदारी डिवीजनल वार्डन संजय तिवारी ने संभाली। उन्होंने बताया कि छह दिसंबर को नागरिक सुरक्षा स्थापना दिवस के अवसर पर ध्वजारोहण कार्यक्रम आयोजित किया जाएगा। उन्होंने सभी वार्डनों को कार्यक्रम में अनिवार्य रूप से उपस्थित रहने के निर्देश दिए।
बैठक में आगामी मॉक ड्रिल को सफल बनाने के लिए वार्डनों को जागरूक किया गया। साथ ही प्रखंड स्तर पर आपदा प्रबंधन प्रशिक्षण आयोजित करने और आपातकालीन परिस्थितियों में प्रभावी ढंग से कार्य करने की तैयारियों को मजबूत बनाने पर विचार-विमर्श हुआ।
डिवीजनल वार्डन ने सभी वार्डनों को समय से अपना नवीनीकरण कराने के निर्देश भी दिए, ताकि संगठन की गतिविधियों और जिम्मेदारियों का सुचारु संचालन सुनिश्चित किया जा सके।
इस दौरान गौरव अग्रवाल, नरेंद्र सिंह, अनुराधा दीक्षित, सुशील, विजय गुप्ता, संजय सविता, रेवती गुप्ता, राघवेंद्र गुप्त, अनूप बाजपेई, आनंद मोहन, अंकुर मिश्रा, विशाल गुप्ता, ईशान नाथ शर्मा, मोहम्मद तारिक, सुरेंद्र शर्मा, विजय और सुनील जायसवाल सहित नागरिक सुरक्षा के वार्डन मौजूद रहे।
News Wani
