फतेहपुर। संसद के 29 नवंबर और 1 दिसंबर को प्रस्तावित विशेष सत्र में पृथक बुंदेलखंड राज्य का मुद्दा उठाने की मांग तेज हो गई है। बुंदेलखंड राष्ट्र समिति के केंद्रीय अध्यक्ष प्रवीण पांडेय बुंदेलखंडी ने क्षेत्र के सभी सांसदों से दलगत सीमाओं से ऊपर उठकर एकजुट होने और प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी से मुलाकात कर संयुक्त ज्ञापन सौंपने की अपील की है।
उन्होंने कहा कि बुंदेलखंड के सांसदों के पास अपनी मातृभूमि के लिए आवाज उठाने का महत्वपूर्ण अवसर है। तीन करोड़ बुंदेलखंडवासियों की जनभावनाओं को संसद तक पहुंचाना जनप्रतिनिधियों की जिम्मेदारी है। इस मुद्दे पर मौन रहना क्षेत्र के हितों के साथ न्याय नहीं होगा।
प्रवीण पांडेय ने बताया कि वह अब तक प्रधानमंत्री को अपने खून से 55 बार पत्र लिखकर पृथक बुंदेलखंड राज्य की मांग कर चुके हैं। इसके अलावा जंतर-मंतर पर धरना और सत्याग्रह के माध्यम से भी लगातार अपनी आवाज उठाते रहे हैं।
उन्होंने बताया कि पिछले वर्ष चित्रकूट में राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ की पांच दिवसीय बैठक के दौरान भी बुंदेलखंड राज्य का विषय चर्चा में आया था। जगद्गुरु स्वामी रामभद्राचार्य द्वारा संघ प्रमुख मोहन भागवत के समक्ष यह मांग उठाना भी एक महत्वपूर्ण पहल रही है।
उन्होंने कहा कि पूर्ववर्ती सरकार के कार्यकाल में उत्तर प्रदेश विधानसभा में बुंदेलखंड क्षेत्र के 19 विधायक एकजुट होकर पृथक राज्य की मांग उठा चुके हैं।
प्रवीण पांडेय ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी से अपील की कि वर्ष 2027 के विधानसभा चुनाव से पहले बुंदेलखंड राज्य के गठन की घोषणा की जाए। उन्होंने कहा कि अब केवल आश्वासन नहीं, बल्कि बुंदेलखंड की जनता को ठोस निर्णय चाहिए।
News Wani
