फतेहपुर। शहर के कटरा अब्दुल गनी निवासी देव नारायण उर्फ रज्जन कुमार ने अपने पड़ोसी पर मकान के पास स्थित करीब साढ़े चार फीट चौड़े सार्वजनिक रास्ते पर जबरन कब्जा कर निर्माण कराने का आरोप लगाया है। पीड़ित के मुताबिक, रास्ता बंद होने से उनके मकान तक आने-जाने के साथ ही मोहल्ले के अन्य लोगों को भी आवागमन में परेशानी हो सकती है।
रज्जन कुमार ने बताया कि उक्त रास्ता उनके मकान के पश्चिमी मुख्य मार्ग और पूर्वी गली से जुड़ा हुआ है। रास्ते की ओर उनके मकान के दरवाजे और खिड़कियां भी खुलती हैं। इसके अलावा मोहल्ले के अन्य लोग भी इस रास्ते का इस्तेमाल आवागमन के लिए करते हैं।
आरोप है कि पड़ोसी प्रेम शंकर पुत्र करुणा शंकर ने सार्वजनिक रास्ते की जमीन पर अवैध कब्जा करने की नीयत से वहां ईंटें रखकर निर्माण कार्य शुरू कर दिया। पीड़ित ने मामले की शिकायत प्रशासन से की, जिसके बाद एसडीएम मौके पर पहुंचे और निर्माण कार्य रुकवा दिया। साथ ही संबंधित व्यक्ति को तत्काल काम बंद करने के निर्देश दिए।
पीड़ित के अनुसार, उन्होंने नगर पालिका परिषद में भी सार्वजनिक रास्ते को बंद किए जाने की शिकायत दर्ज कराई थी। इस पर नगर पालिका परिषद की ओर से कथित अवैध निर्माण हटाने के लिए संबंधित व्यक्ति को नोटिस जारी किया गया है।
रज्जन कुमार का आरोप है कि विरोध करने पर विपक्षी पक्ष की ओर से उन्हें धमकियां भी दी जाती हैं। उन्होंने प्रशासन से मांग की है कि रास्ते को पहले की तरह अतिक्रमण मुक्त कराकर आवागमन बहाल कराया जाए और मामले की निष्पक्ष जांच कर दोषी के खिलाफ कार्रवाई की जाए।
पीड़ित ने चेतावनी दी कि यदि जल्द ही अवैध निर्माण नहीं हटाया गया तो वह जिलाधिकारी से मुलाकात कर पूरे मामले की जानकारी देंगे।
News Wani
