Breaking News

फतेहपुर में किसानों का कलेक्ट्रेट पर प्रदर्शन, धान खरीद में कटौती और मंडियों की अवैध वसूली पर जताया विरोध

फतेहपुर। किसानों, कृषि मजदूरों और ग्रामीण कामगारों की लंबित समस्याओं को लेकर भारतीय किसान यूनियन (टिकैत) ने शुक्रवार को जिलाध्यक्ष के नेतृत्व में कलेक्ट्रेट परिसर में जोरदार प्रदर्शन किया। किसानों ने फसलों का लाभकारी मूल्य दिलाने, धान खरीद में मनमानी कटौती रोकने, सब्जी मंडियों में अवैध वसूली और शोषण पर अंकुश लगाने समेत कई मांगें उठाईं। इस दौरान राष्ट्रपति और मुख्यमंत्री को संबोधित दो अलग-अलग ज्ञापन जिलाधिकारी के माध्यम से भेजकर किसानों की समस्याओं का जल्द समाधान कराने की मांग की गई।

प्रदर्शन के दौरान किसान नेताओं ने कहा कि किसानों से किए गए पुराने वादे अब तक पूरे नहीं हुए हैं। फसलों का लाभकारी मूल्य, कृषि मजदूरों को सम्मानजनक पारिश्रमिक, बुजुर्ग किसानों को पेंशन, स्वास्थ्य सुविधाएं और कर्ज से मुक्ति जैसी मांगें लंबे समय से लंबित हैं। किसान यूनियन ने 9 दिसंबर 2021 को केंद्र सरकार की ओर से किए गए लिखित वादों को पूरा कराने की भी मांग उठाई।

मुख्यमंत्री को भेजे गए ज्ञापन में जिले की मंडियों में किसानों के शोषण का मुद्दा प्रमुखता से उठाया गया। खागा नवीन सब्जी मंडी में मटर और अन्य सब्जियां लेकर पहुंचने वाले किसानों से कथित तौर पर तीन प्रतिशत अवैध वसूली बंद कराने की मांग की गई। इसके अलावा आढ़तियों द्वारा सड़क पर दुकानें लगाकर आवागमन बाधित करने के मामले में कार्रवाई की मांग की गई।

किसान नेताओं ने फतेहपुर के लोधीगंज और बिंदकी में सरकारी सब्जी मंडी स्थापित कराने के साथ ही नवाबाग से बिलंदा के बीच हाईवे किनारे सरकारी मंडी का निर्माण कराने की मांग भी रखी।

धान खरीद केंद्रों पर किसानों ने तौल के दौरान दो प्रतिशत तक मनमानी कटौती किए जाने और व्यापारियों के धान की खरीद को प्राथमिकता देने का आरोप लगाया। उन्होंने निष्पक्ष खरीद व्यवस्था सुनिश्चित कराने की मांग की। इसके अलावा बिंदकी तहसील में चीनी मिल स्थापित कराने समेत अन्य स्थानीय समस्याओं के समाधान की मांग भी उठाई गई।

ज्ञापन में किसानों की जमीन और आजीविका की सुरक्षा, प्राकृतिक आपदा में उचित मुआवजा, कर्ज से राहत, पेंशन, स्वास्थ्य सुविधाएं तथा मतदाता सूची में संवैधानिक अधिकारों की सुरक्षा समेत अन्य मांगें शामिल रहीं।

इस मौके पर जिलाध्यक्ष नवल सिंह, राष्ट्रीय संगठन मंत्री राजेंद्र सिंह, जिला उपाध्यक्ष यूसुफ तबरेज, देवनारायण पटेल, दीपु मिश्रा, नागेंद्र यादव सहित भारतीय किसान यूनियन के कई पदाधिकारी और कार्यकर्ता मौजूद रहे।

About NW-Editor

Check Also

फतेहपुर के मौहार गांव में सौर ऊर्जा से आएगी नई रोशनी, सरकारी इमारतों पर लगेंगे सोलर प्लांट

फतेहपुर। ग्रामीण क्षेत्रों को सौर ऊर्जा से रोशन करने और लोगों को स्वच्छ ऊर्जा से …

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *