फतेहपुर। पुलिस बल की कार्यक्षमता, अनुशासन और शारीरिक चुस्ती-फुर्ती बनाए रखने के उद्देश्य से पुलिस अधीक्षक अभिमन्यु मांगलिक ने शुक्रवार को पुलिस लाइन के परेड ग्राउंड में आयोजित साप्ताहिक परेड की सलामी ली और उसका निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने पुलिसकर्मियों को फिटनेस, अनुशासन और बेहतर कार्यप्रणाली के प्रति गंभीर रहने के निर्देश दिए।
शुक्रवार को आयोजित परेड में पुलिस कार्यालय की विभिन्न शाखाओं के अधिकारी एवं कर्मचारी, यातायात शाखा के पुलिसकर्मी तथा पुलिस लाइन में तैनात जवान शामिल हुए। एसपी ने परेड का निरीक्षण करने के बाद पुलिसकर्मियों को शारीरिक और मानसिक रूप से स्वस्थ एवं चुस्त-दुरुस्त बनाए रखने के लिए दौड़ कराई।
इसके साथ ही उन्होंने टोलीवार ड्रिल को और अधिक प्रभावी बनाने तथा परेड में अनुशासन एवं एकरूपता बनाए रखने के निर्देश दिए। उन्होंने संबंधित अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश देते हुए पुलिसकर्मियों की कार्यक्षमता और शारीरिक दक्षता पर विशेष ध्यान देने को कहा।
परेड के बाद एसपी ने साप्ताहिक अर्दली रूम के दौरान विभिन्न अभिलेखों और रजिस्टरों का निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने संबंधित अधिकारियों एवं कर्मचारियों को अभिलेखों के रखरखाव और कार्यों को व्यवस्थित ढंग से संचालित करने के संबंध में आवश्यक निर्देश दिए।
इस मौके पर क्षेत्राधिकारी लाइन सहित पुलिस विभाग के अन्य अधिकारी एवं कर्मचारी मौजूद रहे।
News Wani
