फतेहपुर। ग्रामीण क्षेत्रों को सौर ऊर्जा से रोशन करने और लोगों को स्वच्छ ऊर्जा से जोड़ने की दिशा में जिले में एक नई पहल शुरू की गई है। विकासखंड मलवां के मौहार गांव को सोलर मॉडल विलेज के रूप में विकसित किया जाएगा। इस परियोजना के तहत गांव के सरकारी भवनों पर हाइब्रिड सोलर प्लांट लगाए जाएंगे। साथ ही स्वयं सहायता समूहों से जुड़ी महिलाओं को सौर ऊर्जा से संबंधित योजनाओं के माध्यम से रोजगार और आजीविका के अवसर उपलब्ध कराए जाएंगे।
शुक्रवार को कलेक्ट्रेट स्थित महात्मा गांधी सभागार में जिलाधिकारी निधि गुप्ता वत्स की अध्यक्षता में सोलर मॉडल विलेज परियोजना को लेकर जिला स्तरीय समिति की बैठक आयोजित की गई। बैठक में शासन के दिशा-निर्देशों के अनुरूप मौहार गांव को सोलर मॉडल विलेज के रूप में विकसित करने के लिए तैयार विस्तृत परियोजना रिपोर्ट (डीपीआर) पर चर्चा की गई।
जिलाधिकारी ने संबंधित अधिकारियों को निर्देश दिए कि चयनित गांव के सभी सरकारी भवनों को हाइब्रिड सोलर प्लांट से आच्छादित किया जाए। इनमें विद्यालय, पंचायत भवन, आरोग्य मंदिर, मिलन केंद्र और सामुदायिक शौचालय शामिल हैं।
उन्होंने कहा कि स्वयं सहायता समूहों से जुड़ी महिलाओं को सौर ऊर्जा आधारित योजनाओं के माध्यम से आजीविका से जोड़ने के लिए नियमानुसार 90 प्रतिशत अनुदान का लाभ दिलाने की प्रक्रिया पूरी की जाए। इसके लिए सभी जरूरी औपचारिकताएं समय से पूरी की जाएं, ताकि परियोजना को शासन की मंशा के अनुरूप धरातल पर उतारा जा सके।
डीएम ने अधिकारियों को निर्देशित किया कि सोलर मॉडल विलेज परियोजना से संबंधित सभी कार्य निर्धारित समयसीमा में पूरे किए जाएं। इससे गांव में स्वच्छ ऊर्जा को बढ़ावा मिलने के साथ ग्रामीणों को भी इसका लाभ मिल सकेगा।
बैठक में मुख्य विकास अधिकारी, जिला विकास अधिकारी, उप निदेशक कृषि, पीओ नेडा सहित जिला स्तरीय समिति के अन्य सदस्य मौजूद रहे।
News Wani
