फतेहपुर। आगामी विधानसभा चुनाव को लेकर जिले की छह विधानसभा सीटों पर सियासी सरगर्मियां तेज होने लगी हैं। राजनीतिक दलों में प्रत्याशियों के चयन को लेकर अंदरखाने मंथन का दौर जारी है। वहीं भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) में टिकट के दावेदारों की लंबी फेहरिस्त दिखाई देने लगी है। खासकर सदर विधानसभा सीट पर भाजपा से चुनाव लड़ने की इच्छा रखने वाले नेताओं की संख्या लगातार बढ़ रही है। कोई अपने राजनीतिक अनुभव तो कोई संगठन में सक्रियता और सामाजिक समीकरणों के सहारे टिकट की दावेदारी मजबूत करने में जुटा है।
सदर विधानसभा सीट पर पूर्व विधायक विक्रम सिंह समेत कई चर्चित चेहरे अपनी राजनीतिक जमीन मजबूत करने में लगे हैं। ब्राह्मण समाज से लेकर पिछड़े वर्ग के कई नेता भी अपनी दावेदारी पेश कर रहे हैं। इस बीच राजनीतिक गलियारों में चर्चा है कि यदि भाजपा इस बार सामाजिक समीकरणों को ध्यान में रखते हुए सदर सीट पर पिछड़े वर्ग के किसी चेहरे को मौका देने की रणनीति बनाती है तो पार्टी की वरिष्ठ महिला नेत्री डॉ. विजयलक्ष्मी साहू का नाम भी प्रमुखता से सामने आ सकता है।
डॉ. विजयलक्ष्मी साहू लंबे समय से भाजपा संगठन में सक्रिय रहकर पार्टी को मजबूत करने का काम कर रही हैं। वर्ष 2005 से लगातार पार्टी से जुड़कर उन्होंने संगठनात्मक गतिविधियों में अपनी सक्रिय भागीदारी निभाई है। पार्टी ने भी समय-समय पर उन्हें विभिन्न महत्वपूर्ण जिम्मेदारियां सौंपी हैं। शिक्षित, अनुभवी और महिला नेतृत्व के रूप में उनकी पहचान पार्टी के भीतर अलग स्थान रखती है।
संगठन के प्रति समर्पण के साथ सामाजिक गतिविधियों में उनकी भागीदारी भी उनकी राजनीतिक पहचान का महत्वपूर्ण आधार मानी जाती है। साहू समाज में उनकी अच्छी पकड़ होने के साथ ही अन्य वर्गों में भी जनसंपर्क और सामाजिक कार्यों के जरिए पहचान बनाने की बात कही जाती है। यही वजह है कि आगामी विधानसभा चुनाव को लेकर उनकी दावेदारी की चर्चा राजनीतिक हलकों में होने लगी है।
यदि भाजपा नेतृत्व महिला प्रतिनिधित्व, संगठनात्मक अनुभव और पिछड़े वर्ग के सामाजिक समीकरण को एक साथ साधने की रणनीति अपनाता है तो डॉ. विजयलक्ष्मी साहू का नाम विचार के दायरे में आ सकता है।
राजनीतिक जानकारों का मानना है कि सदर विधानसभा सीट पर प्रत्याशी चयन के दौरान भाजपा के सामने केवल जीत का समीकरण ही नहीं, बल्कि सामाजिक प्रतिनिधित्व और कार्यकर्ताओं की स्वीकार्यता भी महत्वपूर्ण होगी। ऐसे में पार्टी के पुराने और सक्रिय चेहरों के साथ नए सामाजिक समीकरणों पर भी विचार किया जा सकता है।
फिलहाल टिकट को लेकर कोई आधिकारिक घोषणा नहीं हुई है, लेकिन डॉ. विजयलक्ष्मी साहू की संभावित दावेदारी ने सदर विधानसभा के राजनीतिक समीकरणों को लेकर चर्चाओं को जरूर दिलचस्प बना दिया है। अब देखना होगा कि चुनावी रणनीति तैयार करते समय भाजपा नेतृत्व किस चेहरे पर भरोसा जताता है।
News Wani
