Breaking News

फतेहपुर तहसील गेट पर जमीन विवाद ने पकड़ा तूल, हथियारों के प्रदर्शन से दहशत में आए लोग

फतेहपुर। जमीन के विवाद में न्याय और समाधान की उम्मीद लेकर तहसील पहुंचे लोगों के बीच उस समय दहशत फैल गई, जब सदर तहसील के मुख्य गेट पर ही दो पक्ष आमने-सामने आ गए। देखते ही देखते कहासुनी ने हंगामे का रूप ले लिया और दोनों पक्षों के बीच जमकर विवाद होने लगा। इस दौरान खुलेआम असलहों का प्रदर्शन किया गया। रायफल और पिस्टल तक तान दिए जाने से मौके पर अफरा-तफरी का माहौल बन गया। तहसील परिसर के मुख्य गेट पर हुई इस घटना ने सुरक्षा व्यवस्था पर भी सवाल खड़े कर दिए हैं।

मामला सदर कोतवाली क्षेत्र के नई तहसील का बताया जा रहा है। जमीन के विवाद को लेकर दोनों पक्षों के बीच पहले से ही तनाव चल रहा था। इसी विवाद को लेकर दोनों पक्ष तहसील पहुंचे थे, जहां किसी बात को लेकर उनके बीच विवाद बढ़ गया। देखते ही देखते दोनों ओर से हंगामा शुरू हो गया और नौबत असलहे निकालने तक पहुंच गई।

प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक, मौके पर रायफल और पिस्टल लहराने के साथ ही एक-दूसरे पर हथियार तानने की स्थिति बन गई, जिससे वहां मौजूद लोगों में दहशत फैल गई। घटना के दौरान किसी व्यक्ति ने पूरे घटनाक्रम का वीडियो बना लिया, जो अब सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है।

तहसील जैसे महत्वपूर्ण सरकारी परिसर के मुख्य द्वार पर असलहों के प्रदर्शन और खुलेआम हंगामे का वीडियो सामने आने के बाद पुलिस की कार्यप्रणाली और सार्वजनिक स्थानों की सुरक्षा को लेकर सवाल उठने लगे हैं।

बताया जा रहा है कि सरकंडी थाना क्षेत्र के असोथर निवासी रेखा तिवारी पुत्री स्वर्गीय श्याम सुंदर तिवारी अवैध कब्जे की शिकायत लेकर तहसील परिसर पहुंची थीं। इसी दौरान गांव के ही केशव उर्फ रमेश पुत्र राजाराम अवस्थी, प्रमोद तिवारी पुत्र बाबूराम तिवारी, आयुष तिवारी पुत्र प्रमोद तिवारी, पियाजल तिवारी पुत्र प्रमोद तिवारी और भोला तिवारी पुत्र द्वारिका तिवारी पर असलहे तानकर गाली-गलौज और धक्का-मुक्की करने का आरोप लगाया गया है।

मामले को देखते हुए आसपास के लोगों की भीड़ जुट गई। पीड़िता ने आरोपियों के खिलाफ कानूनी कार्रवाई किए जाने की मांग की है।

इस संबंध में सदर कोतवाली प्रभारी अवन कुमार दीक्षित ने बताया कि मामले में तहरीर प्राप्त हुई है। जांच कर आवश्यक कार्रवाई की जाएगी।

About NW-Editor

Check Also

पुलिस लाइन में एसपी ने परखी जवानों की मुस्तैदी, परेड और अभिलेखों का किया निरीक्षण

फतेहपुर। पुलिस बल की कार्यक्षमता, अनुशासन और शारीरिक चुस्ती-फुर्ती बनाए रखने के उद्देश्य से पुलिस …

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *