न्यूज़ वाणी संवाददाता, फतेहपुर। जनपद फतेहपुर के असोथर कस्बे में रविवार 29 नवंबर को पत्रकारिता जगत की महत्वपूर्ण बैठक आयोजित होने जा रही है। भारतीय प्रेस दिवस पखवाड़े के अवसर पर कल्याण मंडप में पत्रकार विचार गोष्ठी एवं सम्मान समारोह का आयोजन किया जाएगा। इसमें देश के प्रतिष्ठित पत्रकारों के साथ विभिन्न जनपदों से पत्रकार संगठनों के पदाधिकारी शामिल होंगे।
कार्यक्रम की तैयारियों को अंतिम रूप देने के लिए आयोजन से जुड़े पदाधिकारियों ने कल्याण मंडप पहुंचकर व्यवस्थाओं का जायजा लिया। इस दौरान आयोजन की रूपरेखा, अतिथियों के स्वागत और कार्यक्रम को सफल बनाने को लेकर चर्चा की गई।
आयोजकों के मुताबिक, समारोह में भारतीय प्रेस परिषद के सदस्य विनोद बाजपेयी मुख्य अतिथि के रूप में शामिल होंगे। वहीं अपर्णा शुक्ला अति विशिष्ट अतिथि के तौर पर मौजूद रहेंगी। वरिष्ठ पत्रकार संजय मिश्रा, गौतम सिंह और नीरज महेरे सहित कई अन्य प्रतिष्ठित पत्रकार भी कार्यक्रम में शिरकत करेंगे।
कार्यक्रम की अध्यक्षता संगठन के राष्ट्रीय अध्यक्ष शाश्वत तिवारी करेंगे, जबकि संचालन राष्ट्रीय महासचिव शीबू खान की ओर से किया जाएगा। आयोजन में प्रदेश के विभिन्न जिलों से पत्रकार एवं संगठन के पदाधिकारी भी पहुंचेंगे।
पत्रकारिता की चुनौतियों पर होगा मंथन
विचार गोष्ठी में वर्तमान समय में पत्रकारिता के सामने आ रही चुनौतियों, उनके समाधान और मीडिया की बदलती भूमिका पर विस्तार से चर्चा की जाएगी। साथ ही समाज के प्रति पत्रकारों की जिम्मेदारियों, निष्पक्ष पत्रकारिता और लोकतांत्रिक व्यवस्था में मीडिया के योगदान जैसे महत्वपूर्ण विषयों पर भी विचार साझा किए जाएंगे।
आयोजन के दौरान पत्रकारिता के क्षेत्र में योगदान देने वाले पत्रकारों को सम्मानित भी किया जाएगा। आयोजकों का कहना है कि इस तरह के कार्यक्रम पत्रकारों को एक मंच पर लाने, आपसी संवाद बढ़ाने और पत्रकारिता के मूल्यों को मजबूत करने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं।
News Wani
