Breaking News

संविधान दिवस पर फतेहपुर में 53,500 विद्यार्थियों ने किया संविधान की प्रस्तावना का सामूहिक वाचन; जनपद न्यायाधीश ने संविधान को बताया लोकतंत्र की आत्मा

न्यूज वाणी संवाददाता, फतेहपुर।

भारत के 77वें संविधान दिवस के अवसर पर फतेहपुर जनपद में संविधान के प्रति जागरूकता बढ़ाने के उद्देश्य से विशेष अभियान चलाया गया। इस दौरान जिले के विभिन्न विद्यालयों के कुल 53,500 विद्यार्थियों ने एक साथ भारतीय संविधान की प्रस्तावना का सामूहिक वाचन किया। ‘एक स्वर, एक संविधान’ की थीम पर आयोजित इस कार्यक्रम के माध्यम से विद्यार्थियों को संविधान के मूल्यों, मौलिक अधिकारों और नागरिक कर्तव्यों की जानकारी दी गई।

उत्तर प्रदेश राज्य विधिक सेवा प्राधिकरण, लखनऊ के निर्देश पर जनपद न्यायाधीश सुधीर कुमार पंचम की अध्यक्षता में गुरुवार को महर्षि विद्या मंदिर सीनियर सेकेंडरी स्कूल में विशेष जागरूकता एवं शपथ ग्रहण समारोह आयोजित किया गया। कार्यक्रम में 2,125 विद्यार्थी, न्यायिक अधिकारी, विद्यालय के प्रधानाचार्य, नोडल शिक्षक और अन्य शिक्षक मौजूद रहे।

जिला विधिक सेवा प्राधिकरण के सचिव पलाश गांगुली ने उपस्थित लोगों को संविधान की प्रस्तावना का सामूहिक वाचन कराया। इसके बाद विद्यार्थियों को संविधान दिवस के महत्व और भारतीय लोकतंत्र में संविधान की भूमिका के बारे में विस्तार से बताया गया।

कार्यक्रम को संबोधित करते हुए जनपद न्यायाधीश सुधीर कुमार पंचम ने कहा कि भारतीय संविधान महज एक कानूनी दस्तावेज नहीं, बल्कि देश के लोकतंत्र की आत्मा है। ‘एक स्वर, एक संविधान’ का संदेश देश की विविधता में एकता और समानता की भावना को मजबूत करता है। संविधान प्रत्येक नागरिक को समान अधिकार और न्याय सुनिश्चित करने का आधार प्रदान करता है।

विद्यालयों में हुईं विभिन्न प्रतियोगिताएं

संविधान दिवस के अवसर पर जनपद के अलग-अलग विद्यालयों में प्रश्नोत्तरी, चित्रकला सहित कई जागरूकता प्रतियोगिताएं आयोजित की गईं। इनमें विद्यार्थियों ने उत्साहपूर्वक हिस्सा लिया। उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले प्रतिभागियों को प्रशस्ति पत्र और पुरस्कार देकर सम्मानित किया गया।

180 विद्यालयों में संचालित हैं विधिक साक्षरता क्लब

इस अभियान के तहत महर्षि विद्या मंदिर के 2,125 विद्यार्थियों के साथ जिले के अन्य विद्यालयों के 51,375 विद्यार्थियों ने संविधान की प्रस्तावना का सामूहिक पाठ किया। इस प्रकार कुल 53,500 विद्यार्थियों ने अभियान में सहभागिता की। जनपद के 180 विद्यालयों में विधिक साक्षरता क्लब स्थापित हैं, जो विद्यार्थियों को कानून और उनके अधिकारों के प्रति जागरूक करने में सक्रिय भूमिका निभा रहे हैं।

कार्यक्रम के समापन पर वक्ताओं ने विद्यार्थियों और उपस्थित लोगों से संविधान के आदर्शों, लोकतांत्रिक मूल्यों, समानता और न्याय की भावना को अपने दैनिक जीवन में अपनाने की अपील की।

About NW-Editor

Check Also

फतेहपुर में संदिग्ध परिस्थितियों में 45 वर्षीय व्यक्ति की मौत, परिवार में मचा कोहराम

फतेहपुर। थरियांव थाना क्षेत्र के नवहैया गांव में मंगलवार रात लघुशंका के लिए उठे 45 …

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *