सीतापुर में दिल दहला देने वाली घटना सामने आई है. यहां एक पत्नी ने प्रेमी और उसके साथी के साथ मिलकर अपने ही पति की बेरहमी से हत्या कर दी. हत्या की यह वारदात नेशनल हाईवे-30 पर खैराबाद टोल प्लाजा के आगे थाना कमलापुर क्षेत्र में अंजाम दी गई. मृतक की पहचान राजू के रूप में हुई है. वह लखनऊ का रहने वाला था. राजू 14 जनवरी को मकर संक्रांति के अवसर पर खिचड़ी खाने के लिए बलदेव नगर ससुराल गया हुआ था. अगले दिन यानी 15 जनवरी को जब वह ससुराल से वापस अपने घर लौट रहा था, तभी रास्ते में उसकी पत्नी पप्पी देवी ने पहले से रची गई साजिश के तहत अपने प्रेमी चौधरी मोहम्मद तफजील उर्फ मीनू और उसके साथी आनंद कुमार के साथ मिलकर उसे रोक लिया.
आरोप है कि मौके पर पप्पी देवी की मौजूदगी में डॉक्टर मोहम्मद तफजील उर्फ मीनू और आनंद कुमार ने पहले लोहे की रॉड से राजू के सिर पर ताबड़तोड़ वार किए, जिससे वह गंभीर रूप से घायल हो गया. इसके बाद आरोपियों ने मफलर से उसका गला दबाकर उसकी हत्या कर दी. हत्या को दुर्घटना का रूप देने और पहचान छिपाने के उद्देश्य से तीनों आरोपियों ने राजू के शव को सड़क किनारे झाड़ियों में फेंक दिया. घटना के बाद जब राजू घर नहीं पहुंचा तो परिजनों को अनहोनी की आशंका हुई. कुछ ही देर में सड़क किनारे शव मिलने की सूचना मिली. मृतक के परिजन ने हत्या की आशंका जताते हुए पुलिस को सूचना दी. मामले की गंभीरता को देखते हुए थाना कमलापुर पुलिस ने तत्काल जांच शुरू की और घटनास्थल से साक्ष्य जुटाए.
News Wani
