न्यूज़ वाणी ब्यूरो, कन्नौज। आगरा-लखनऊ एक्सप्रेसवे पर मंगलवार सुबह हुए भीषण सड़क हादसे में चार स्कूली छात्रों की मौत हो गई, जबकि 32 लोग घायल हो गए। घायलों में 24 छात्र और विद्यालय के आठ स्टाफ सदस्य शामिल हैं। कौशांबी जिले के सिराथू क्षेत्र स्थित ओरिएंटल पब्लिक स्कूल के बच्चे आगरा में ताजमहल का भ्रमण कर वापस लौट रहे थे। इस दौरान कन्नौज के ठठिया थाना क्षेत्र में खड़ी बस को पीछे से आ रहे तेज रफ्तार ट्रक ने जोरदार टक्कर मार दी।
पुलिस के मुताबिक हादसा मंगलवार सुबह करीब छह बजे एक्सप्रेसवे के किलोमीटर संख्या 209 के आसपास हुआ। बस बच्चों को शौचालय जाने के लिए सड़क किनारे रोकी गई थी। इसी दौरान पीछे से आए ट्रक ने बस के पिछले हिस्से में जबरदस्त टक्कर मार दी। टक्कर इतनी भीषण थी कि बस का पिछला हिस्सा बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया। दुर्घटना के बाद बच्चों में चीख-पुकार मच गई।
मृतक छात्रों की पहचान
पुलिस के अनुसार मृतकों की पहचान आर्यन चौरसिया (14), पुत्र प्रेम कुमार चौरसिया, रजीउल्लाह (16), पुत्र शमीउल्लाह तथा अरमान (17) और जैद मिर्जा (17), पुत्रगण रियाज अहमद के रूप में हुई है। चारों छात्रों की मौत से परिजनों में कोहराम मचा हुआ है।
दो घायलों की हालत गंभीर, कानपुर रेफर
दुर्घटना में घायल स्कूल मैनेजर सलमान और एक छात्र की हालत गंभीर बताई गई है। दोनों को बेहतर उपचार के लिए कानपुर रेफर किया गया है। अन्य घायलों का उपचार राजकीय मेडिकल कॉलेज, तिर्वा में किया गया। पुलिस के अनुसार सुरक्षित बचे छात्रों को दूसरे वाहन से उनके घर भेजने की व्यवस्था की जा रही है।
मुख्यमंत्री ने लिया संज्ञान, अधिकारियों को निर्देश
उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने हादसे का संज्ञान लेते हुए मृतक बच्चों के परिवारों के प्रति संवेदना व्यक्त की है। उन्होंने अधिकारियों को राहत-बचाव कार्य में तेजी लाने तथा पीड़ित परिवारों को हरसंभव सहायता उपलब्ध कराने के निर्देश दिए हैं।
कन्नौज के जिलाधिकारी आशुतोष मोहन अग्निहोत्री और पुलिस अधीक्षक विनोद कुमार ने मेडिकल कॉलेज पहुंचकर घायलों का हाल जाना। पुलिस, यूपीडा की टीम और राहगीरों ने मिलकर दुर्घटनाग्रस्त बस से बच्चों को बाहर निकाला तथा एंबुलेंस से अस्पताल पहुंचाया।
हादसे के बाद एक्सप्रेसवे पर वाहनों की तेज रफ्तार और बच्चों से भरी बस को सड़क किनारे रोकने के दौरान सुरक्षा इंतजामों को लेकर सवाल उठ रहे हैं। दुर्घटना के वास्तविक कारण और जिम्मेदारी के संबंध में पुलिस की अंतिम जांच रिपोर्ट आना बाकी है।
News Wani
