शशि भूषण दूबे कंचनीय/मोहम्मद अमीन शेख
भदोही। जिला कांग्रेस कमेटी भदोही के तत्वावधान में विकासखंड औराई की ग्राम सभा कठारी में ‘वोट बचाओ, देश बचाओ’ चौपाल का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में जिला कांग्रेस कमेटी के अध्यक्ष वसीम अंसारी ने शिरकत की। चौपाल के दौरान लोकतंत्र की मजबूती, संविधान की रक्षा और मताधिकार के प्रति जनजागरूकता बढ़ाने पर विशेष जोर दिया गया।
कार्यक्रम को संबोधित करते हुए जिलाध्यक्ष वसीम अंसारी ने कहा कि लोकतंत्र की असली ताकत जनता का वोट है और प्रत्येक नागरिक के मताधिकार की रक्षा करना हम सभी की जिम्मेदारी है। वोट केवल एक संवैधानिक अधिकार ही नहीं, बल्कि देश के भविष्य और लोकतांत्रिक व्यवस्था की दिशा तय करने का सबसे सशक्त माध्यम है। उन्होंने कहा कि कांग्रेस पार्टी राहुल गांधी के नेतृत्व में संविधान, लोकतंत्र और मताधिकार की रक्षा के लिए गांव-गांव जाकर लोगों को जागरूक करने का अभियान चला रही है।
वसीम अंसारी ने कार्यकर्ताओं से आह्वान किया कि वे गांवों और प्रत्येक बूथ तक पहुंचकर लोगों को उनके मताधिकार के महत्व से अवगत कराएं। उन्होंने कहा कि लोकतंत्र की निष्पक्षता और पारदर्शिता बनाए रखने के लिए नागरिकों की सक्रिय भागीदारी अत्यंत आवश्यक है। कांग्रेस का उद्देश्य इस अभियान को व्यापक जन आंदोलन का स्वरूप देना है, ताकि प्रत्येक नागरिक अपने मताधिकार के प्रति सजग और जागरूक बन सके।
जिला उपाध्यक्ष अवधेश पाठक एवं औराई ब्लॉक अध्यक्ष अजय कुमार प्रजापति ने संयुक्त रूप से कहा कि ‘वोट बचाओ, देश बचाओ’ अभियान को गांव-गांव और घर-घर तक पहुंचाया जाएगा। उन्होंने कहा कि लोकतंत्र और संविधान की रक्षा के लिए कांग्रेस पूरी मजबूती के साथ संघर्ष कर रही है। संगठन के कार्यकर्ता एकजुट होकर आम जनता को मतदान के महत्व, मताधिकार की सुरक्षा और लोकतांत्रिक मूल्यों के प्रति जागरूक करेंगे।
कार्यक्रम का संचालन मंडल अध्यक्ष गुलाबघर प्रजापति ने किया। इस अवसर पर सेवालाल प्रजापति, विशाल गौतम, कमलेश शुक्ला, आशुतोष कनौजिया, राम सजीवन सहित बड़ी संख्या में ग्रामीण एवं कांग्रेस कार्यकर्ता उपस्थित रहे।
News Wani
