न्यूज़ वाणी ब्यूरो बांदा। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के रेडियो कार्यक्रम ‘मन की बात’ के 140वें एपिसोड का रविवार को बांदा जिले में व्यापक आयोजन किया गया। जिले के विभिन्न बूथों पर भाजपा पदाधिकारियों और कार्यकर्ताओं ने सामूहिक रूप से प्रधानमंत्री का संबोधन सुना। इस दौरान देश की उपलब्धियों, सामाजिक जागरूकता और राष्ट्रहित से जुड़े मुद्दों पर चर्चा की गई।
जलशक्ति राज्यमंत्री रामकेश निषाद ने इंदिरानगर स्थित अपने आवास पर भाजपा कार्यकर्ताओं के साथ कार्यक्रम सुना। प्रधानमंत्री ने अपने संबोधन में नशामुक्त युवा अभियान, संचार साथी और फिट इंडिया जैसे महत्वपूर्ण विषयों पर विचार साझा किए। उन्होंने समाज में सकारात्मक बदलाव लाने और देश की उपलब्धियों को आम लोगों तक पहुंचाने के महत्व पर प्रकाश डाला।
कार्यक्रम के बाद राज्यमंत्री रामकेश निषाद ने कहा कि ‘मन की बात’ देश के विभिन्न क्षेत्रों में हो रहे सकारात्मक कार्यों और उपलब्धियों को जन-जन तक पहुंचाने का प्रभावी माध्यम है। प्रधानमंत्री के विचार लोगों को समाज और राष्ट्र के प्रति अपनी जिम्मेदारियां निभाने के लिए प्रेरित करते हैं। ऐसे कार्यक्रमों से राष्ट्रसेवा की भावना मजबूत होती है।
वहीं, भाजपा जिलाध्यक्ष कल्लू सिंह राजपूत ने अपने आवास स्थित बूथ पर कार्यकर्ताओं के साथ प्रधानमंत्री का संबोधन सुना। अतर्रा मंडल के बूथ संख्या 191 पर मंडल महामंत्री चतुर सिंह, कोषाध्यक्ष शिवा सिंह, प्रियांशु मिश्रा, लकी सिंह, रज्जू कुशवाहा और लाला गुप्ता ने एक साथ कार्यक्रम में सहभागिता की।
इसके अलावा दक्षिणी मंडल में जिला मीडिया प्रभारी उत्तम सक्सेना, जिला मंत्री दुर्गा चौरसिया, प्रांतीय परिषद सदस्य राकेश बाल्मीकि, अजय मिश्रा और दिनेश शुक्ला समेत कई भाजपा कार्यकर्ताओं ने अपने-अपने बूथों पर कार्यक्रम सुना। जिलेभर में आयोजित इस कार्यक्रम के माध्यम से कार्यकर्ताओं ने प्रधानमंत्री के संदेशों को समाज के विभिन्न वर्गों तक पहुंचाने का संकल्प लिया।
News Wani
