Breaking News

फतेहपुर में ट्रैफिक व्यवस्था पर महिला संगठन की चिंता, फुटपाथ और पार्किंग को लेकर प्रशासन से कार्रवाई की मांग

फतेहपुर। पूर्व सैनिक उत्थान समिति महिला संगठन की बैठक रविवार को दक्षिणी गौतम नगर स्थित कार्यालय में अध्यक्ष मधुलता यादव की अध्यक्षता में हुई। बैठक में शहर की बिगड़ती यातायात व्यवस्था, फुटपाथों पर अतिक्रमण और व्यावसायिक प्रतिष्ठानों के सामने बेतरतीब खड़े वाहनों को लेकर चिंता जताई गई। महिला संगठन ने नवरात्रि के बाद प्रशासन से अभियान चलाकर इन समस्याओं के समाधान की मांग करने का निर्णय लिया।

महिला अध्यक्ष जागृति तिवारी ने कहा कि वर्मा चौराहा से राधानगर और पटेल नगर तक शहर की व्यस्ततम सड़कों के किनारे तेजी से निजी अस्पताल, रेस्टोरेंट और अन्य व्यावसायिक केंद्र खुलते जा रहे हैं। आरोप है कि एक-दो प्रतिष्ठानों को छोड़कर अधिकांश के पास पर्याप्त पार्किंग की व्यवस्था नहीं है। ऐसे में ग्राहकों के बाइक और अन्य वाहन सड़क किनारे खड़े होने से आए दिन जाम की स्थिति बनती है और दुर्घटनाओं का खतरा भी बढ़ रहा है।

उन्होंने कहा कि फुटपाथों पर अतिक्रमण होने के कारण राहगीरों को सड़क पर चलने के लिए मजबूर होना पड़ता है। खासकर आईटीआई रोड पर शिक्षण संस्थानों और कोचिंग सेंटरों में आने-जाने वाली छात्राओं को परेशानी का सामना करना पड़ता है। फुटपाथ खाली नहीं होने के कारण छात्राओं को सड़क पर चलना पड़ता है, जिससे उनकी सुरक्षा को लेकर भी चिंता बनी रहती है।

बैठक में आईटीआई के सामने और आसपास लगने वाले कपड़ों के बाजार का मुद्दा भी उठाया गया। महिला संगठन की ओर से नगर पालिका के कुछ कर्मचारियों पर दुकानदारों से अवैध वसूली किए जाने के आरोप भी लगाए गए। संगठन ने इन मामलों की निष्पक्ष जांच कराने और फुटपाथों को अतिक्रमण मुक्त कराने की मांग की।

महिला संगठन ने कहा कि नवरात्रि के बाद प्रशासन से मिलकर इन समस्याओं के खिलाफ प्रभावी कार्रवाई की मांग की जाएगी। बैठक में सुमन मौर्य, सरोज शर्मा, साधना सिंह, विमला देवी, रोशनी, सुमित्रा देवी, रामा देवी, माया देवी सहित अन्य महिलाएं मौजूद रहीं।

About NW-Editor

Check Also

फतेहपुर में सांप के डसने से 20 वर्षीय युवक की मौत, छह महीने पहले हुई थी शादी; राज्यमंत्री ने घर पहुंचकर दी सांत्वना

खागा, फतेहपुर। सुल्तानपुर घोष थाना क्षेत्र के दौतरी कसार गांव में सर्पदंश से एक 20 …

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *