न्यूज़ वाणी ब्यूरो, बाँदा।
बाँदा जनपद के होनहार छात्र अभिषेक प्रजापति ने अपनी प्रतिभा और मेहनत के दम पर विज्ञान के क्षेत्र में बड़ी उपलब्धि हासिल की है। राजकीय आश्रम पद्धति विद्यालय, हरदौली में कक्षा आठ के छात्र अभिषेक का चयन राष्ट्रीय स्तरीय बाल विज्ञान कांग्रेस के लिए उत्तर प्रदेश की बाल वैज्ञानिक टीम में हुआ है। उनकी इस उपलब्धि से विद्यालय परिवार सहित पूरे जनपद में खुशी की लहर है।
वाराणसी के SHEAT पब्लिक स्कूल में 27 से 29 नवंबर तक 32वीं राज्य स्तरीय राष्ट्रीय बाल विज्ञान कांग्रेस-2026 का आयोजन किया गया। NCERT और भारत सरकार के विज्ञान एवं प्रौद्योगिकी मंत्रालय के तत्वावधान में आयोजित इस प्रतियोगिता में प्रदेश के विभिन्न जनपदों से आए 150 बाल वैज्ञानिकों ने अपने विज्ञान प्रोजेक्ट प्रस्तुत किए।
प्रतियोगिता में कड़ी प्रतिस्पर्धा के बीच निर्णायक मंडल ने राष्ट्रीय स्तर पर उत्तर प्रदेश का प्रतिनिधित्व करने के लिए 21 सर्वश्रेष्ठ प्रतिभागियों का चयन किया। इनमें बाँदा के अभिषेक प्रजापति ने भी अपनी जगह बनाकर जिले को गौरवान्वित किया।
कार्यक्रम के समापन समारोह में IIT (BHU) के निदेशक एवं वैज्ञानिक डॉ. सी. एम. नौटियाल, AKTU के कुलपति डॉ. पी. के. मिश्रा, VICAS के निदेशक डॉ. एस. के. सिंह और SHUATS के डीन डॉ. पी. डब्ल्यू. रमटेके सहित विभिन्न संस्थानों के प्रोफेसरों एवं NCERT के अधिकारियों ने अभिषेक को मेडल, प्रशस्ति-पत्र और स्मृति-चिह्न देकर सम्मानित किया।
विद्यालय के गाइड शिक्षक एवं रसायन विज्ञान प्रवक्ता शिवजीत सिंह ने बताया कि विज्ञान के क्षेत्र में यह विद्यालय की 87वीं और राष्ट्रीय स्तर पर पांचवीं बड़ी उपलब्धि है। उन्होंने कहा कि अभिषेक की सफलता अन्य विद्यार्थियों के लिए भी प्रेरणादायक है।
अब अभिषेक जनवरी माह में चेन्नई में आयोजित होने वाली राष्ट्रीय स्तरीय बाल विज्ञान कांग्रेस में उत्तर प्रदेश की टीम का प्रतिनिधित्व करेंगे। उनकी इस उपलब्धि से विद्यालय के शिक्षकों और विद्यार्थियों में उत्साह है। सभी ने उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना करते हुए राष्ट्रीय प्रतियोगिता में बेहतर प्रदर्शन की उम्मीद जताई है।
News Wani
