फतेहपुर। सावन माह के चौथे व अंतिम सोमवार पर भी शिव मंदिरों में आस्था का सैलाब उमड़ पड़ा। बारिश के बावजूद भक्तों के उत्साह में कोई कमी नजर नहीं आई। पूरे दिन हर-हर महादेव, बोल बम के उद्घोष गूंजते रहे। शिव मंदिरों की अद्भुत छटा देखते ही बन रही थी। भक्त भोलेबाबा को मनाने के लिए अपने अंदाज में पूजा करते नजर आए।
शहर के तांबेश्वर मंदिर में सबसे ज्यादा भोलेनाथ के भक्तों की भीड़ दिखाई दी। यहां दर्शन के लिए पहुंचे भक्तों को लाइन लगानी पड़ी। महिला और पुरुषों की अलग-अलग लाइन लगी। मंदिर परिसर में एक ओर भजन-कीर्तन चलते रहे तो वहीं दूसरी ओर लाइन में लोग दर्शन करते रहे।
इसी तरह चांदपुर के गूढ़ेश्वर धाम, थवईश्वर समेत अन्य शिवालयों में भी लोगों ने विधि-विधान के साथ भोलेनाथ की पूजा-अर्चना की। दूध, दही और शहद से अभिषेक किया गया। मंदिर परिसर में ही द्वादश ज्योतिर्लिंग के दर्शन कर भक्तों ने पूजा-अर्चना की। भीड़ को देखते हुए पुलिस की कड़ी निगरानी रही। शहर में शिवभक्तों को किसी प्रकार की दिक्कत न हो, इसके लिए वीआईपी रोड समेत अन्य मार्गों पर भारी वाहनों का प्रवेश वर्जित रहा।
गंगा घाटों पर रही स्नानार्थियों की भीड़
सावन के सोमवार को ओमघाट भिटौरा, कोटला घाट, शिवराजपुर घाट, नौबस्ता आदि गंगा घाटों पर भोर पहर से श्रद्धालु पहुंचने लगे। यहां गंगा में आस्था की डुबकी लगाने के साथ घाट किनारे स्थित शिवालयों में लोगों ने भोले बाबा का गंगाजल से अभिषेक किया। घाटों पर हर-हर महादेव के जयकारे गूंजते रहे।
राजा राजेश्वर धाम का हुआ भव्य श्रृंगार
जहानाबाद कस्बे के श्री राजराजेश्वर धाम मंदिर में भव्य श्रृंगार किया गया। शिव भक्ति में लीन भक्त पूजा-अर्चना के लिए भोर पहर चार बजे से ही मंदिर पहुंचने लगे। सोमवार को बाबा भोलेनाथ का भक्तों द्वारा विभिन्न फूल-पत्तियों से भव्य श्रृंगार किया गया। शिव भक्तों ने गंगाजल और दूध से बाबा भोलेनाथ का जलाभिषेक किया। जयकारों के बीच अक्षत, चंदन, शहद, बेलपत्र, फूल, भांग, धतूरा चढ़ाकर पूजा-अर्चना की। वहीं श्री राम-जानकी धाम रामतलाई मंदिर, प्राचीन अंबिका देवी मंदिर, सिद्धेश्वर बाबा मंदिर, कालेश्वर बाबा मंदिर में भी पूजा-अर्चना हुई।
पंचमुखी शिव मंदिर में रही भीड़
पंचमुखी शिव मंदिर में भक्तों की भीड़ रही। आसपास क्षेत्र का इकलौता पंचमुखी मंदिर होने के कारण सोमवार को भक्तों में खासा उत्साह नजर आया। हालांकि यहां सावन माह में प्रतिदिन सुबह-शाम भक्त पूजा-अर्चना के लिए जुटते हैं। सुबह से लाइन लगाकर भक्तों ने पंचमुखी शिव मंदिर में भगवान शिव का जलाभिषेक करते हुए पूजा-अर्चना की।
News Wani
