ओडिशा के रायगड़ा जिले से एक बेहद चौंकाने वाली घटना सामने आई है, जहां एक स्कूल में छात्रों पर थिनर डालकर आग लगा दी गई। बताया जा रहा है कि एक छात्र ने कथित तौर पर चार छात्रों पर थिनर डालकर आग लगा दी। जिससे चारों छात्र बुरी तरह से झुलस गए हैं, जिनमें से एक छात्र की हालत नाजुक बताई जा रही है। सभी घायल छात्रों का अस्पताल में इलाज चल रहा है। यह घटना बिसमकटक ब्लॉक के पाइकड़ाकुलुगुड़ा स्थित उन्नत उच्च विद्यालय की है। सूत्रों के अनुसार, सोमवार को स्कूल में रोजाना की तरह ही पढ़ाई चल रही थी। इसी दौरान दोपहर करीब 3 बजे कुछ छात्र स्कूल परिसर में शौचालय की ओर गए थे। तभी एक छात्र ने कथित तौर पर चार छात्रों पर थिनर डाल दी और माचिस से उनके शरीर में आग लगा दी। देखते ही देखते चारों छात्र आग की लपटों में बुरी तरह घिर गए और चीख-पुकार मच गई।
शिक्षकों ने आग बुझाकर छात्रों को अस्पताल में किया भर्ती
घटना की सूचना मिलते ही स्कूल में अफरा-तफरी का माहौल बन गया। शिक्षकों ने तत्परता दिखाते हुए आग पर किसी तरह काबू पाया और झुलसे हुए छात्रों को तुरंत बचाया। जिसके बाद उन्हें बिसमकटक सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र ले जाया गया, जहां प्राथमिक उपचार के बाद चारों छात्रों को क्रिश्चियन अस्पताल रेफर कर दिया गया। घायलों में बिराज टाकरी की हालत सबसे ज्यादा गंभीर बताई जा रही है।
पीड़ित छात्र की मां ने चपरासी के बेटे पर लगाए आरोप
एक पीड़ित छात्र की मां ने गंभीर आरोप लगाते हुए कहा कि स्कूल के चपरासी के बेटे ने चारों छात्रों को बुलाकर उन पर थिनर डाल दिया। जिसके बाद उन पर आग लगा दी। उन्होंने बताया कि इस घटना की सूचना मिलते ही वह अस्पताल पहुंचीं, जहां उन्हें पता चला कि उनके बेटे की हालत गंभीर है।
News Wani
