Breaking News

कटक के SCB Medical College अस्पताल में भीषण आग: 10 मरीजों की मौत, 11 कर्मचारी झुलसे

ओडिशा के कटक में स्थित SCB मेडिकल कॉलेज एंड अस्पताल के ट्रॉमा केयर के ICU विभाग में भीषण आग लगने से कम से कम 10 लोगों की मौत हो गई है। सोमवार सुबह अधिकारियों ने बताया कि मरीजों को सुरक्षित बाहर निकालने के दौरान अस्पताल के लगभग 11 कर्मचारी झुलस गए। ओडिशा के सीएम मोहन चरण मांझी घायलों को देखने के लिए अस्पताल पहुंच गए हैं। सीएम ने मृतकों के परिवारों को 25-25 लाख का मुआवजा देने का ऐलान किया है। बताया जा रहा है कि आग अस्पताल की पहली मंजिल पर बने ट्रॉमा केयर के ICU में लगी थी। इस दौरान 7 मरीजों ने मौके पर ही दम तोड़ दिया। जबकि झुलसे हुए 3 मरीजों की मौत इलाज के दौरान हुई।

मुख्यमंत्री मोहन चरण माझी ने सोमवार सुबह कटक में S.C.B. मेडिकल कॉलेज और हॉस्पिटल का दौरा किया। सीएम हॉस्पिटल के अधिकारियों और पुलिस अधिकारियों से बातचीत की। उन्होंने बताया कि यहां ट्रॉमा केयर ICU में आग लग गई। पांच घायल व्यक्तियों की हालत गंभीर बताई जा रही है। बताया जा रहा है कि जिन 10 लोगों की मौत हुई है, वे ट्रॉमा केयर के ICU में भर्ती मरीज थे।

अधिकारियों ने बताया कि आग लगने के तुरंत बाद अस्पताल में इलाज करा रहे 23 मरीजों को सुरक्षित स्थानों पर शिफ्ट कर दिया गया। उन्होंने बताया कि दुर्भाग्य से ICU में 10 मरीजो की मौत हो गई। मरीजों को सुरक्षित निकालने की कोशिश में कई स्टाफ सदस्यों को जलने से चोटें आई हैं।

सोमवार तड़के लगी आग: शुरुआती जानकारी के अनुसार, अस्पताल के ट्रॉमा केयर विभाग के ICU में आग लगी, जहां गंभीर रूप से बीमार मरीजों का इलाज चल रहा था। अधिकारियों ने बताया कि आग सोमवार तड़के लगभग 2:30 से 3 बजे के बीच लगी। आग बुझाने के लिए फायर टेंडर और अन्य अधिकारी भी घटनास्थल पर तुरंत पहुंच गए हैं। फायर सर्विस के अधिकारियों ने अस्पताल के कर्मचारियों, पुलिस और मरीजों के अटेंडेंट्स के साथ मिलकर ICU में इलाज करवा रहे लोगों को सुरक्षित बाहर निकाला। फिर उन्हें SCB अस्पताल के ही दूसरे विभागों में शिफ्ट कर दिया गया।

ओडिशा सरकार का बयान: ओडिशा CMO ने एक आधिकारिक बयान में कहा, “मुख्यमंत्री मोहन चरण माझी ने SCB मेडिकल कॉलेज और हॉस्पिटल के ट्रॉमा केयर ICU में आग लगने की दुखद घटना पर गहरा दुख जताया। मुख्यमंत्री ने घटनास्थल का दौरा किया और स्थिति का जायजा लिया। मुख्यमंत्री ने घटना की न्यायिक जांच के आदेश दिए और अधिकारियों को प्रभावित मरीजों को तुरंत सुरक्षित जगहों पर शिफ्ट करने और बिना किसी रुकावट के उनका इलाज जारी रखने का निर्देश दिया।”

इसमें आगे कहा गया, “मृतकों के परिवारों के प्रति संवेदना जताते हुए, मुख्यमंत्री ने हर मृतक व्यक्ति के परिजनों के लिए मुख्यमंत्री राहत कोष (CMRF) से 25 लाख रुपये की अनुग्रह राशि देने की घोषणा की। मुख्यमंत्री ने इलाज करा रहे मरीजों और उनके रिश्तेदारों से भी मुलाकात की और उन्हें पूरी मदद का भरोसा दिलाया। उन्होंने स्वास्थ्य विभाग और अस्पताल के अधिकारियों को सभी घायल और प्रभावित मरीजों के लिए सबसे अच्छी मेडिकल केयर सुनिश्चित करने का भी निर्देश दिया।”

 

About NW-Editor

Check Also

“नदी किनारे मिली सिरकटी लाश: दो गांव आमने-सामने, महिला की हत्या बनी पुलिस के लिए पहेली”

ओडिशा के मलकानगिरी जिले में उस समय तनाव फैल गया जब MV-26 और रखेलगुड़ा गांवों …

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *