न्यूज़ वाणी ब्यूरो जसपुरा,बांदा। बेसिक शिक्षा परिषद के तत्वावधान में गुरुवार को नरजिता बहुंडरी मिनी स्टेडियम में क्षेत्रीय बाल क्रीड़ा प्रतियोगिता का आयोजन किया गया। प्रतियोगिता में विकासखंड जसपुरा की विभिन्न न्याय पंचायतों से चयनित छात्र-छात्राओं ने उत्साहपूर्वक हिस्सा लिया और अपनी खेल प्रतिभा का शानदार प्रदर्शन किया। कबड्डी, खो-खो सहित विभिन्न खेलों में खिलाड़ियों ने पूरे जोश और उत्साह के साथ मुकाबले किए।
खंड शिक्षा अधिकारी जसपुरा बलिराम की देखरेख में आयोजित प्रतियोगिता का शुभारंभ मुख्य अतिथि बुंदेलखंड पृथक राज्य संयोजक जयराम सिंह ने किया। कार्यक्रम में पहुंचे अतिथियों का स्वागत उत्तर प्रदेशीय प्राथमिक शिक्षक संघ जसपुरा के अध्यक्ष चंद्रमोहन साहू एवं पूर्व माध्यमिक शिक्षक संघ के जिला महामंत्री राजबीर सिंह ने किया। कार्यक्रम का संचालन कालीचरण प्रजापति ने किया।
ग्राम प्रधान नरजिता शिवदर्शन प्रजापति की मेजबानी तथा ब्लॉक व्यायाम शिक्षक शशांक मौली मणि त्रिपाठी के नेतृत्व में विभिन्न खेल प्रतियोगिताएं संपन्न कराई गईं। प्राथमिक स्तर बालक वर्ग में चौकी पुरवा के अभिषेक ने चैंपियनशिप हासिल की, जबकि बालिका वर्ग में यूपीएस चौकी पुरवा की साक्षी ने प्रथम स्थान प्राप्त किया। जूनियर स्तर बालक वर्ग में यूपीएस नादादेव के अनुराग और बालिका वर्ग में यूपीएस सिकहुला की नाजरीन ने चैंपियनशिप अपने नाम की।
सामूहिक खेल प्रतियोगिताओं में कबड्डी के मुकाबले में गडरिया के बालकों ने शानदार प्रदर्शन करते हुए जीत दर्ज की। वहीं खो-खो प्रतियोगिता में सिंधन की बालिकाओं ने प्रतिद्वंद्वी टीम को पछाड़कर बाजी मार ली।
प्रतियोगिता के समापन समारोह में पूर्व राज्यसभा सांसद एवं समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय महासचिव विशंभर प्रसाद निषाद ने विजेता खिलाड़ियों को पुरस्कार देकर सम्मानित किया। उन्होंने बच्चों की खेल प्रतिभा की सराहना करते हुए उनका उत्साहवर्धन किया और सभी प्रतिभागियों को मिठाई भी वितरित की।
इस अवसर पर प्राथमिक शिक्षक संघ के मंत्री छोटे बाबू प्रजापति, जिला उपाध्यक्ष राकेश सिंह, संघर्ष समिति अध्यक्ष लक्ष्मण स्वरूप पांडेय, मंत्री अरविंद निषाद, राममोहन शुक्ला, शीतल, नरेंद्र कुमार चौरसिया, दीनदयाल अवस्थी, विवेक कक्षवाह, मिथिलेश त्रिपाठी, ब्रजेश कुमार सहित पूर्व माध्यमिक शिक्षक संघ एवं राष्ट्रीय शैक्षिक महासंघ के पदाधिकारी, शिक्षक, ग्राम प्रधान और क्षेत्र के गणमान्य नागरिक मौजूद रहे।
अंत में ब्लॉक व्यायाम शिक्षक एवं सभी शिक्षक संकुल ने प्रतियोगिता के सफल आयोजन में सहयोग करने वाले अतिथियों, शिक्षकों और अन्य लोगों के प्रति आभार व्यक्त किया।
News Wani
