बांदा। न्यूज़ वाणी। जिले के बेरोजगार युवाओं को रोजगार उपलब्ध कराने के उद्देश्य से गुरुवार को पं. जे.एन. डिग्री कॉलेज, बांदा में वृहद रोजगार मेले का आयोजन किया गया। उत्तर प्रदेश रोजगार मिशन के तहत क्षेत्रीय सेवायोजन कार्यालय की ओर से आयोजित इस मेले में प्रदेश और प्रदेश के बाहर की कुल 17 प्रतिष्ठित कंपनियों ने प्रतिभाग किया।
रोजगार मेले में करीब 800 बेरोजगार अभ्यर्थियों ने हिस्सा लेकर विभिन्न कंपनियों में नौकरी के लिए आवेदन किया। कंपनियों के प्रतिनिधियों ने अभ्यर्थियों की शैक्षिक योग्यता, कौशल और अनुभव के आधार पर साक्षात्कार लिया। चयन प्रक्रिया पूरी होने के बाद कुल 573 अभ्यर्थियों को विभिन्न पदों के लिए चयनित किया गया। बड़ी संख्या में युवाओं को रोजगार मिलने से अभ्यर्थियों में उत्साह देखने को मिला।
कार्यक्रम का शुभारंभ नगर पालिका अध्यक्ष मालती गुप्ता बासू और बांदा सदर विधायक प्रतिनिधि रजत सेठ ने दीप प्रज्ज्वलित कर किया। इस अवसर पर जिला उपाध्यक्ष भाजपा अमित सेठ, सहायक निदेशक (सेवायोजन) वकील अहमद अंसारी, जिला सेवायोजन अधिकारी मोहित जायसवाल सहित सेवायोजन कार्यालय के कर्मचारी मौजूद रहे।
आयोजकों ने बताया कि रोजगार मेले का उद्देश्य स्थानीय युवाओं को निजी क्षेत्र की कंपनियों में रोजगार के अवसर उपलब्ध कराना और उन्हें आत्मनिर्भर बनाने की दिशा में प्रोत्साहित करना है। इस आयोजन के माध्यम से सैकड़ों युवाओं को नौकरी पाने का अवसर मिला।
News Wani
