फतेहपुर जिले में एक 20 वर्षीय बीएससी छात्रा ने मंगलवार को फांसी लगाकर आत्महत्या कर ली। यह घटना जोनिहा चौकी क्षेत्र के ठिठौरा गांव में हुई।
ठिठौरा गांव निवासी शिववीर की पुत्री प्रीति कुमारी बीएससी तृतीय वर्ष की छात्रा थी। मंगलवार को वह अपने कमरे में थी। काफी देर तक बाहर न आने पर परिजनों को शक हुआ। दरवाजा खोलने पर प्रीति का शव फांसी के फंदे से लटका मिला। परिवार ने तत्काल पुलिस को सूचना दी।

सूचना मिलते ही जोनिहा चौकी पुलिस मौके पर पहुंची। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पंचनामा भरा और पोस्टमार्टम के लिए जिला अस्पताल भेज दिया। पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है और आत्महत्या के कारणों का पता लगाने का प्रयास कर रही है।
मृतका के पिता शिववीर ने बताया कि उन्हें इस बात की कोई जानकारी नहीं है कि उनकी बेटी ने यह कदम क्यों उठाया। उन्होंने कहा कि प्रीति सामान्य थी और उसने कभी किसी परेशानी के बारे में नहीं बताया था।

पुलिस फिलहाल परिजनों और आसपास के लोगों से पूछताछ कर रही है ताकि घटना के पीछे की वास्तविक वजह सामने आ सके। युवती की मौत से उसकी माँ रूबी यादव, भाई दीपक यादव और अमित, तथा बहन मोनिका का रो-रोकर बुरा हाल है।
News Wani
