Bijnor News: बिजनौर जिले के नगीना लोकसभा क्षेत्र के विकास को आज एक नई और बड़ी गति मिली है. पिछले 25 वर्षों से बदहाली का दंश झेल रहे नगीना-नहटौर मार्ग के पुनर्निर्माण और चौड़ीकरण कार्य का आज विधिवत शुभारंभ हो गया है.
)
25 साल का इंतजार खत्म
लगभग 13 किलोमीटर लंबा नगीना-नहटौर मार्ग पिछले ढाई दशकों से न केवल उबड़-खाबड़ था, बल्कि बेहद खस्ताहाल स्थिति में पहुंच चुका था. इस मार्ग से प्रतिदिन हजारों की संख्या में राहगीर और वाहन गुजरते हैं, जिन्हें भारी दिक्कतों और हिचकोलों का सामना करना पड़ता था. क्षेत्र की जनता लंबे समय से इस सड़क को दुरुस्त करने की मांग कर रही थी. जनभावनाओं और स्थानीय लोगों की इस बड़ी जरूरत को ध्यान में रखते हुए उत्तर प्रदेश सरकार ने इस सड़क के नए सिरे से निर्माण और चौड़ीकरण के लिए 72 करोड़ रुपये की भारी-भरकम राशि स्वीकृत की है, जिससे अब इस पूरे मार्ग की सूरत बदलने जा रही है.
वीआईपी मूवमेंट के बाद सुर्खियों में आया था हूरनंगला गांव
गौरतलब है कि इसी नगीना-नहटौर मार्ग पर उत्तर प्रदेश भाजपा के संगठन महामंत्री धर्मपाल सिंह का पैतृक गांव हूरनंगला पड़ता है. पिछले वर्ष धर्मपाल सिंह जी की माता जी के निधन के समय यह गांव देश और प्रदेश की राजनीति के केंद्र में आ गया था. उस दौरान दिवंगत आत्मा को श्रद्धांजलि देने के लिए उत्तर प्रदेश, उत्तराखंड और हरियाणा के मुख्यमंत्रियों सहित भाजपा और राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ (RSS) के कई शीर्ष नेता कारों के बड़े काफिले के साथ इसी टूटे-फूटे मार्ग से होते हुए हूरनंगला पहुंचे थे. इस बड़े वीआईपी मूवमेंट के बाद से ही इस खस्ताहाल मार्ग के पुनर्निर्माण की कवायद बहुत तेज हो गई थी.
व्यापार और कनेक्टिविटी को लगेंगे पंख
भूमि पूजन के बाद जनसभा को संबोधित करते हुए विधायक ओम कुमार ने कहा कि इन सड़कों के बनने से क्षेत्र में आवागमन बेहद सुगम हो जाएगा. उबड़-खाबड़ रास्ते से निजात मिलने से वाहनों की गति बढ़ेगी और लोगों का कीमती समय बचेगा. इसके साथ ही ग्रामीण इलाकों का शहरों से बेहतर संपर्क स्थापित होने के कारण स्थानीय व्यापार को जबरदस्त बढ़ावा मिलेगा.
किसानों और छोटे व्यापारियों को अपनी उपज और सामान मुख्य मंडियों तक पहुँचाने में आसानी होगी, जिससे क्षेत्र में आर्थिक समृद्धि आएगी. सड़क निर्माण कार्य शुरू होने पर ग्रामीणों ने भारी खुशी जाहिर की है. कार्यक्रम के अंत में संबंधित विभाग के अधिकारियों ने तय समय सीमा के भीतर और उच्च गुणवत्ता के साथ इस सड़क निर्माण को पूरा करने का भरोसा दिलाया है.
News Wani
