6 सांसदों के आम आदमी पार्टी (AAP) छोड़ BJP जॉइन करने के खिलाफ पंजाब CM भगवंत मान ने मंगलवार को नई दिल्ली में राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू से मुलाकात की। इसके बाद CM मान ने कहा कि मैंने राष्ट्रपति को बताया कि पूरी पार्टी दो तिहाई बहुमत से दूसरी पार्टी में मर्ज हो सकती है, सिर्फ एक हाउस के 6-7 लोग ऐसा कहें तो यह मनमानी नहीं चलेगी। यह लोकतंत्र का मजाक है।
मैंने बताया कि पंजाब में भाजपा के MLA 2 हैं और राज्यसभा के 6 सांसद हो गए, यह संविधान का मजाक है। मैंने संविधान में संशोधन कर राइट टू रिकॉल की मांग की। मान सुबह ही 90 MLA को 3 वॉल्वो बसों में लेकर दिल्ली पहुंचे थे। मान से पहले AAP छोड़ने वाले सांसद राघव चड्ढा, अशोक मित्तल और संदीप पाठक राष्ट्रपति से मिले। उन्होंने पार्टी छोड़ने के बाद पंजाब की सरकारी मशीनरी का मिसयूज कर उन्हें टारगेट करने का आरोप लगाया। चड्ढा ने कहा कि AAP बदले की आग में जल रही है। दूसरों पर सुबह से शाम तक बदलाखोरी का आरोप लगाने वाले खुद बदले की राजनीति कर रहे।
चड्ढा ने चेतावनी भी दी कि AAP डेंजरस गेम खेल रही, इसका अंत खतरनाक होगा। AAP के पास 1 राज्य की पुलिस है लेकिन हमारे (BJP) के पास 21 राज्यों की पुलिस है। चड्ढा ने कहा कि मुझे टारगेट करने की तैयारी है। सांसद संदीप पाठक ने कहा कि वह सिर पर कफन बांधकर निकले हैं, FIR से डरने वाले नहीं हैं। CM मान ने मीडिया से बातचीत में चड्ढा की बातों पर कहा कि 21 राज्यों की पुलिस से क्या हमें धमकी दे रहे, हमारे खिलाफ 21 पर्चे कराएंगे। टारगेट करने की बात पर मान ने कहा कि बारी सबकी आएगी लेकिन सब कानूनी तरीके से ही होगा।
राष्ट्रपति से मुलाकात के बाद राघव चड्ढा की अहम बातें
- AAP में थे तो ईमानदार, छोड़ते ही भ्रष्ट हो गए: राघव चड्ढा ने कहा- AAP सरकारी एजेंसियों का दुरुपयोग कर रही। पार्टी छोड़ने वालों को निशाना बनाया जा रहा है और इसकी शिकायत राष्ट्रपति से की गई है। जब तक हम AAP में थे, तब तक ईमानदार थे, लेकिन छोड़ते ही भ्रष्ट कहे जाने लगे। उन्होंने आरोप लगाया कि AAP अब खुद बदले की राजनीति कर रही है।
- भज्जी को देशद्रोही कहा, गुप्ता की फैक्ट्री का कनेक्शन काटा: राघव चड्ढा ने कहा- हरभजन सिंह भज्जी को देशद्रोही कहा गया और उनके परिवार को निशाना बनाया गया। साथ ही राजिंदर गुप्ता की फैक्ट्री पर कार्रवाई कर दबाव बनाया गया। पानी सप्लाई बंद कर प्रदूषण बोर्ड की रेड कराई गई। संदीप पाठक के खिलाफ फर्जी FIR दर्ज की गई। एजेंसियों के जरिए डर और दबाव का माहौल बनाया जा रहा है।
- बदले की राजनीति का अंत खतरनाक होगा: राघव ने दावा किया कि अब उनके खिलाफ भी झूठा केस दर्ज करने की तैयारी हो रही है। उन्होंने इसे राजनीतिक प्रतिशोध बताया। AAP के पास सिर्फ एक राज्य की सत्ता है, जबकि BJP 21 राज्यों में है। ऐसे में बदले की राजनीति शुरू हुई तो स्थिति खतरनाक हो सकती है।
- पंजाब के अफसर डरें नहीं, AAP चंद महीनों की मेहमान: राघव ने कहा कि अफसरों पर झूठे केस दर्ज करने का दबाव डाला जा रहा है। ट्रांसफर और सस्पेंशन की धमकियां देकर काम कराया जा रहा है। उन्होंने दावा किया कि पंजाब की AAP सरकार अब ज्यादा समय तक नहीं टिकेगी। उनके मुताबिक यह सरकार चंद महीनों की मेहमान है।
- पंजाब में व्यापारी-आम आदमी सुरक्षित नहीं, CM जल्दी समझ लें: राघव ने कहा कि राष्ट्रपति को बदले की राजनीति और दुरुपयोग की पूरी जानकारी दे दी गई है। उन्होंने दावा किया कि राष्ट्रपति ने कार्रवाई का भरोसा दिया है। राघव ने कहा कि पंजाब में व्यापारी और आम लोग खुद को सुरक्षित महसूस नहीं कर रहे हैं। इस बात को मुख्यमंत्री जितनी जल्दी समझ लें, उतना बेहतर होगा।

CM भगवंत मान ने राष्ट्रपति से मुलाकात के बाद क्या कहा
- AAP छोड़कर जाना था तो इस्तीफा देकर जाते: CM ने कहा- अगर जाना ही था तो सभी पहले इस्तीफा देकर जाते। आम आदमी पार्टी किसी और को भेज देती। वे अपनी पार्टी से कहीं से भी चुनकर आ सकते थे। मैंने संविधान में संशोधन कर राइट टू रिकॉल की मांग की है। यह मुद्दा खुद राघव चड्ढा ने संसद में उठाया था। लोगों ने इन विधायकों को चुना और आगे चुने हुए विधायकों ने उन्हें राज्यसभा भेजा। यह लोकतंत्र की हत्या है। ये इलेक्टेड नहीं सिलेक्टेड लोग हैं। पंजाबी ऐसी गद्दारी बर्दाश्त नहीं करते।
- BJP में जाने से बचोगे नहीं, गलत किया तो पर्चा दर्ज होगा: CM ने कहा- मैंने राष्ट्रपति से कहा कि उन्होंने गलत काम किया है। अगर वे बीजेपी में चले गए तो क्या उन पर कार्रवाई नहीं हो सकती? क्या उन्हें सुरक्षा कवच मिल गया है? लेकिन पंजाब में ऐसा नहीं चलेगा। भविष्य में अगर कहीं भी गलत तरीके से सत्ता का इस्तेमाल किया गया तो पर्चा दर्ज होगा। बीजेपी में जाने से उन्हें संरक्षण नहीं मिल जाएगा। वे देश के दूसरे राज्यों में छिप सकते हैं, लेकिन पंजाब में नहीं।
- हमें धमकी दे रहे, पंजाबी इसे बर्दाश्त नहीं करेंगे: सीएम ने कहा- वे हमें धमकी दे रहे हैं कि एक राज्य की पुलिस हमारे पास है और उनके पास 21 राज्यों की पुलिस है। पंजाबी इसे बर्दाश्त नहीं करते। मैं राष्ट्रपति को लंबा-चौड़ा पत्र देकर आया हूं। इलेक्टेड और सिलेक्टेड में फर्क होता है। इनकी मान्यता रद्द की जानी चाहिए।
- 10 दिन पहले रेड, फिर वाई कैटेगरी की सुरक्षा दी: सीएम ने कहा- इस मामले का उदाहरण लीजिए, 10 दिन पहले अशोक मित्तल के कारोबारी ठिकानों पर ईडी की रेड पड़ती है, जो दो दिन तक चलती रही। दस दिन बाद उन्हें वाई कैटेगरी की सुरक्षा मिल जाती है। कौन सी वॉशिंग मशीन में कौन धुल गया, यह सब लोग देख रहे हैं। राघव चड्ढा खुद बीजेपी के खिलाफ बोलते थे, पार्टी के प्रवक्ता थे। यह विधायक मेरे साथ चट्टान की तरह खड़े । पंजाब में बीजेपी की गलतफहमी है। अभी उनके दो विधायक हैं, आगे चलकर यह संख्या शून्य भी हो सकती है।

केजरीवाल बोले- फरवरी में लेंगे बदला
- एंटी इनकंबेंसी नहीं, प्रो इनकंबेंसी: अरविंद केजरीवा ने पंजाब में हमारी सरकार को बने लगभग चार साल हो गए हैं और चुनाव में अब करीब 10 महीने बचे हैं। आमतौर पर सरकार के आखिरी साल में एंटी इनकंबेंसी होती है, लेकिन आज पंजाब में एंटी इनकंबेंसी नहीं, बल्कि प्रो इनकंबेंसी है। लोग खुलकर सरकार की तारीफ कर रहे हैं।
- हमने कभी नहीं कहा खजाना खाली: केजरीवाल ने कहा कि पंजाब में 44 हजार किलोमीटर सड़कें बन रही हैं और रोज उनके पास सड़कों की तस्वीरें सामने आ रही हैं। पंजाब में आज तक पहले ऐसी सड़कें नहीं बनी थीं। कल ही गांव-गांव में 250 खेल मैदान बनाए गए हैं। पंजाब ने देश को सबसे ज्यादा खिलाड़ी दिए हैं और वह भी तब, जब सरकारें खिलाड़ियों की मदद नहीं करती थीं। पिछली सरकारें हमेशा कहती थीं कि खजाना खाली है, लेकिन हमने कभी नहीं कहा कि खजाना खाली है।
- दिल्ली वालों ने मोदी की विजयी घोड़ा रोका: केजरीवाल ने कहा कि आज लोकतंत्र और आजादी दोनों खतरे में हैं। 2014 में मोदी की आंधी आई थी और उसके बाद बीजेपी लगातार चुनाव जीतती रही। फिर फरवरी 2015 में दिल्ली चुनाव हुए, जहां बीजेपी को 70 में से सिर्फ तीन सीटें मिलीं। कहा जाता है रामायण में अश्वमेध यज्ञ का घोड़ा छोड़ा गया था, लेकिन उसे अमृतसर में लव कुश ने रोका था। उसी तरह दिल्ली वालों ने भी मोदी के विजयी घोड़े को रोका था।
- पंजाब चुनाव के बाद मोदी सरकार गिरेगी: केजरीवाल ने कहा कि आज मैं बड़ी जिम्मेदारी के साथ कह रहा हूं कि अगले साल फरवरी 2027 में पंजाब में भी बीजेपी का अश्वमेध का घोड़ा रुक जाएगा। पंजाब का चुनाव मोदी सरकार के लिए आखिरी चुनाव साबित होगा। देश में मोदी सरकार गिरगी। पंजाब का चुनाव मोदी का आखिरी चुनाव होगा। मुझे नहीं पता यह कैसे होगा। लेकिन आपको लोगों के घर-घर जाना होगा। उन्हें बताना होगा कि बीजेपी और मोदी सरकार पंजाबियों से नफरत करती है।
- अब दुश्मन अंदर से पैदा हुआ: केजरीवाल ने कहा कि भारत पर जब भी पश्चिम दिशा से हमला हुआ तो उसे पंजाब ने रोका है। अब अंदर से एक नया दुश्मन पैदा हुआ है और उसे भी पंजाब के लोग ही रोकेंगे। देश को अपना लोकतंत्र वापस दिलाना पंजाब और पंजाबियों की जिम्मेदारी है।
- बदला फरवरी में लेंगे: उन्होंने कहा कि यह जो सात लोग गए है। वह चोरी करके गए हैं। बीजेपी ने चारी की है। यह छह सीटें किसी के पिता की नहीं थी। बल्कि पंजाबियों की थी। मान ने कहा कि उनके दो विधयाक है और छह राजयसभा सीट। इसका बदला अगले साल फरवरी में लेगे।
- राघव चड्ढा की Z+ सिक्योरिटी हटाई: राघव चड्ढा ने AAP छोड़ी तो पंजाब सरकार ने उनकी Z+ सिक्योरिटी वापस ले ली। चड्ढा को पंजाब पुलिस की तरफ से सिक्योरिटी मिली हुई थी। इसके बाद कुछ देर के लिए दिल्ली पुलिस ने राघव चड्ढा को सिक्योरिटी दी। अब उन्हें CRPF से सुरक्षा मिल गई है।
- हरभजन भज्जी की भी सिक्योरिटी हटाई: पूर्व क्रिकेटर व राज्यसभा सांसद को पंजाब पुलिस की तरफ से Y कैटेगरी की सिक्योरिटी दी गई थी। उनके पार्टी छोड़ने और BJP सांसदों की लिस्ट में नाम शामिल होने के बाद पंजाब पुलिस ने सुरक्षा हटा ली। इसके बाद तुरंत दिल्ली से CRPF के 7 जवान उनके घर पहुंचे। हरभजन ने इस फैसले को हाईकोर्ट में चुनौती दी। कोर्ट ने केंद्र और पंजाब सरकार से जवाब मांगा कि किस आधार पर सिक्योरिटी हटाई गई?।
- राजिंदर गुप्ता की फैक्ट्री पर रेड: करीब 5 हजार करोड़ के टर्नओवर वाले ट्राइडेंट ग्रुप के मालिक राजिंदर गुप्ता की बरनाला के धौला स्थित फैक्ट्री पर पंजाब प्रदूषण कंट्रोल बोर्ड (PPCB) ने रेड की। इसके खिलाफ गुप्ता पंजाब एंड हरियाणा हाईकोर्ट चले गए। जिसके बाद कोर्ट ने 4 मई तक गुप्ता पर किसी भी तरह की दंडात्मक कार्रवाई पर रोक लगा दी।
- संदीप पाठक पर 2 FIR: सांसद संदीप पाठक पर पंजाब पुलिस के 2 अलग-अलग जिलों में FIR दर्ज करने की बात सामने आई। इनमें एक करप्शन और दूसरी महिला के शोषण से जुड़ी हुई बताई गई। हालांकि अभी तक FIR की कॉपी सामने नहीं आई है। न ही पंजाब पुलिस या AAP सरकार ने इसको लेकर कुछ कहा है।
News Wani