महोबा। सेवा संकल्प अभियान, जन सेवा से देश सेवा के अंतर्गत जिले में आशीर्वाद का दीया कार्यक्रम आयोजित किया गया। आशीर्वाद का दीया कार्यक्रम में आम जनमानस से लेकर जनप्रतिनिधियों, विभिन्न संगठनों के पदाधिकारियों, अधिकारियों एवं कर्मचारियों सहित समाज के विभिन्न वर्गों के लोगों ने उत्साहपूर्वक सहभागिता की। लोगों ने अपने अपने क्षेत्रों में दीप प्रज्ज्वलित कर सेवा, जनभागीदारी और विकसित भारत-2047 के सामूहिक संकल्प का संदेश दिया।
आशीर्वाद का दीया कार्यक्रम के साथ जिले में सेवा संकल्प अभियान का संदेश जन जन तक पहुंचा। विभिन्न स्थानों पर आयोजित कार्यक्रमों की फोटो व वीडियो आशीर्वाद का दीया हैशटैग के साथ सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म पर भी साझा की गईं। आशीर्वाद का दीया कार्यक्रम के तहत गुरूवार की देर शाम कलेक्ट्रेट परिसर कीरत सागर, पुलिस लाइन, सरकारी कार्यालयों, प्रमुख परियोजनाओं, मंदिरों, सार्वजनिक स्थलों के अलावा विधानसभावार चयनित प्रमुख स्थलों सहित विभिन्न स्थानों पर दीप प्रज्ज्वलित किए गए। इसके साथ ही लाभार्थियों के घरों, पंचायत सचिवालयों, घाट, अमृत सरोवरों, जल जीवन मिशन की पेयजल टंकियों, शिक्षण संस्थानोंए प्राथमिक एवं सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्रों, नगरीय निकायों तथा विभिन्न परियोजना स्थलों पर भी आशीर्वाद का दीया जलाया गया।

कार्यक्रम के माध्यम से प्रधानमंत्री के जनसेवा के 25 वर्षों की यात्रा, सेवा, सुशासन, जनकल्याण एवं राष्ट्र निर्माण से जुड़े प्रयासों को स्मरण करते हुए प्रधानमंत्री के स्वास्थ्यए दीर्घायु एवं यशस्वी जीवन की कामना की गई। ग्रामीण से लेकर शहरी क्षेत्रों तक दीपों की रोशनी ने जनपद को जगमगा दिया और नागरिकों की व्यापक सहभागिता ने सेवा संकल्प अभियान को जनभागीदारी का स्वरूप प्रदान किया।
News Wani
