फतेहपुर। चांदपुर थाना क्षेत्र में पांच दिन से लापता चल रहे 52 वर्षीय अधेड़ का शव गुरुवार शाम गांव के समीप नोनी नदी से बरामद होने से सनसनी फैल गई। नदी में शव मिलने की सूचना पर मौके पर ग्रामीणों की भीड़ जुट गई। सूचना पाकर पहुंची पुलिस ने शव को बाहर निकलवाकर कब्जे में लिया और आवश्यक कार्रवाई पूरी करने के बाद पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।
जानकारी के अनुसार, चांदपुर थाना क्षेत्र के इटरा गांव निवासी स्व. शिवचरन सिंह के पुत्र अमर सिंह (52) बीती 13 सितंबर को घर से निकले थे। इसके बाद वह वापस घर नहीं लौटे। काफी देर तक घर न पहुंचने पर परिजनों ने उनकी तलाश शुरू की। रिश्तेदारों और परिचितों के यहां भी जानकारी की गई, लेकिन उनका कोई सुराग नहीं मिल सका।
परिजन पिछले पांच दिनों से अमर सिंह की तलाश में जुटे हुए थे। इसी बीच गुरुवार शाम करीब पांच बजे गांव के समीप नोनी नदी में ग्रामीणों ने एक शव देखा। ग्रामीणों ने तत्काल इसकी जानकारी पुलिस को दी। सूचना मिलते ही पुलिस टीम मौके पर पहुंची और ग्रामीणों की मदद से शव को नदी से बाहर निकलवाया।
शव की पहचान अमर सिंह के रूप में होने के बाद पुलिस ने परिजनों को सूचना दी। मौके पर पहुंचे परिजनों में शव देखते ही कोहराम मच गया। परिवार के लोगों का रो-रोकर बुरा हाल रहा। पुलिस ने शव का पंचनामा भरकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है।
मृतक के भतीजे विपिन कुमार ने पोस्टमार्टम हाउस में घटना के संबंध में जानकारी दी। फिलहाल अधेड़ की मौत नदी में किन परिस्थितियों में हुई, इसे लेकर स्थिति स्पष्ट नहीं हो सकी है। पुलिस पोस्टमार्टम रिपोर्ट का इंतजार कर रही है। रिपोर्ट आने के बाद मौत के कारणों की स्थिति और स्पष्ट होने की संभावना है।
पुलिस द्वारा मामले की जांच की जा रही है और अमर सिंह के नदी तक पहुंचने से जुड़े परिस्थितियों की जानकारी जुटाई जा रही है। परिजनों और आसपास के लोगों से भी पूछताछ की जा सकती है।
News Wani
