Breaking News

फतेहपुर में युवाओं को स्वरोजगार योजनाओं की दी गई जानकारी, चार लाभार्थियों को मिला ऋण का चेक

फतेहपुर। जिला उद्योग प्रोत्साहन तथा उद्यमिता विकास केंद्र, फतेहपुर की ओर से शुक्रवार को राजकीय आईटीआई सभागार में ‘उद्यमी लॉन्च पैड’ के अंतर्गत एमएसएमई योजनाओं पर दो सत्रों में कार्यशाला आयोजित की गई। कार्यशाला का शुभारंभ अयाहशाह विधायक विकास गुप्ता की उपस्थिति में हुआ। उपायुक्त उद्योग ने अतिथियों का स्वागत करते हुए कार्यशाला की पृष्ठभूमि एवं उद्देश्य की जानकारी दी।
विधायक विकास गुप्ता ने मुख्यमंत्री युवा उद्यमी विकास अभियान योजना के अंतर्गत चार लाभार्थियों को चेक वितरित किए। उन्होंने युवा उद्यमियों और महिलाओं से राज्य सरकार की रोजगारपरक योजनाओं का अधिक से अधिक लाभ उठाने का आह्वान किया। उन्होंने कहा कि ऋण स्वीकृति एवं वितरण प्रक्रिया में सुधार और सुगमता आने से उद्योगों की स्थापना आसान हुई है। उद्यमी अपनी इकाइयों का कुशल संचालन कर आर्थिक विकास में योगदान दे सकते हैं। उन्होंने सरकार से मिलने वाली सब्सिडी का सही उपयोग करने की बात कही और मुख्यमंत्री युवा उद्यमी विकास अभियान में जिले की प्रगति की सराहना की।
कार्यशाला के प्रथम तकनीकी सत्र में समाधान समिति के विशेषज्ञ रणवीर सिंह चौहान एवं पुनीत चंद्र ने विभिन्न योजनाओं के तहत उद्यम स्थापना की प्रक्रिया, बैंकेबल प्रोजेक्ट रिपोर्ट तैयार करने, नवाचार आधारित परियोजनाओं, फ्रेंचाइजी आधारित बिजनेस मॉडल, सप्लायर रजिस्ट्रेशन और प्रोडक्ट लिस्टिंग की जानकारी दी। इसके साथ ही पीएमईजीपी, ओडीओपी और सीएम युवा समेत विभिन्न योजनाओं की ऋण प्रक्रिया के बारे में विस्तार से बताया गया।
प्रतिभागियों को यूपी मार्ट पोर्टल पर पंजीकृत वेंडर से कोटेशन प्राप्त करने की प्रक्रिया भी समझाई गई। योजनाओं से जुड़े विभिन्न पहलुओं की जानकारी वीडियो के माध्यम से दी गई तथा युवा उद्यमियों की जिज्ञासाओं का समाधान किया गया।
द्वितीय सत्र में विभिन्न बैंकों के जिला समन्वयक, शाखा प्रबंधक तथा संबंधित विभागों के प्रतिनिधि शामिल हुए। समाधान समिति के विशेषज्ञों, उपायुक्त उद्योग एवं अग्रणी जिला प्रबंधक ने पात्र युवा उद्यमियों को बैंकों के माध्यम से अधिक से अधिक ऋण स्वीकृत एवं वितरित कराने को लेकर विचार-विमर्श किया।
वक्ताओं ने जनपद में सरकारी योजनाओं की प्रगति में निरंतर सुधार तथा नवाचार आधारित परियोजनाओं की पहचान के लिए समन्वित प्रयासों की आवश्यकता बताई। बैंक अधिकारियों की जिज्ञासाओं का समाधान करने के साथ सीएम युवा योजना के पोर्टल का डेमो दिया गया और पोर्टल में हुए नवीन परिवर्तनों की जानकारी दी गई।
उपायुक्त उद्योग ने विश्वकर्मा श्रम सम्मान योजना 2.0 में नवीन ट्रेडों को शामिल किए जाने तथा ब्याज मुक्त ऋण सुविधा प्रारंभ किए जाने के संबंध में जानकारी दी। अग्रणी जिला प्रबंधक गोपाल कृष्ण ने पात्र आवेदकों को उपयुक्त ऋण राशि का तत्परता से वितरण करने तथा जिले को आवंटित लक्ष्य के अनुरूप प्रगति सुनिश्चित करने पर जोर दिया।
कार्यशाला में बैंक समन्वयक, शाखा प्रबंधक, सीएससी संचालक, राजकीय आईटीआई के प्रधानाचार्य डॉ. राजकुमार सिंह, कौशल विकास मिशन के अधिकारी, अग्रणी जिला प्रबंधक गोपाल कृष्ण, सहायक आयुक्त उद्योग, उद्यमी मित्र, उद्योग विभाग के अधिकारी-कर्मचारी, समाधान समिति के विशेषज्ञ, सीएम युवा कार्यक्रम संयोजक, व्यापार मंडल अध्यक्ष प्रदीप गर्ग, कोऑपरेटिव डीसीएफ के जिलाध्यक्ष, विभिन्न योजनाओं के संभावित लाभार्थी, युवा उद्यमी एवं विद्यार्थी मौजूद रहे। अंत में उपायुक्त उद्योग ने सभी अतिथियों एवं प्रतिभागियों का आभार व्यक्त किया।

About NW-Editor

Check Also

फतेहपुर में मिले युवक के शव की पहचान, पांच साल से घर से लापता था रोहित

फतेहपुर। ललौली थाना क्षेत्र के दतौली के समीप पुलिस को संदिग्ध अवस्था में एक 32 …

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *