न्यूज़ वाणी ब्यूरो बांदा। जिला कांग्रेस कमेटी के तत्वावधान में आधुनिक भारत के निर्माता एवं देश के प्रथम प्रधानमंत्री पंडित जवाहरलाल नेहरू की जयंती श्रद्धा और उत्साह के साथ मनाई गई। इस अवसर पर जिला कांग्रेस कार्यालय स्थित अवस्थी धर्मशाला में कांग्रेस जिलाध्यक्ष राजेश दीक्षित की अध्यक्षता में कार्यक्रम आयोजित किया गया। वहीं खुटला स्थित डॉ. लोहिया बाल विद्या मंदिर में बच्चों के साथ बाल दिवस मनाते हुए नेहरू जी के चित्र पर पुष्पांजलि अर्पित की गई।
कार्यक्रम में कांग्रेस जिलाध्यक्ष राजेश दीक्षित ने पंडित जवाहरलाल नेहरू के व्यक्तित्व और कृतित्व पर प्रकाश डालते हुए कहा कि उन्होंने महात्मा गांधी के नेतृत्व में स्वतंत्रता आंदोलन में सक्रिय भूमिका निभाई और लंबे समय तक जेल में रहकर देश की आजादी के लिए संघर्ष किया। आजादी के बाद देश के प्रथम प्रधानमंत्री के रूप में उन्होंने लोकतांत्रिक व्यवस्था को मजबूत करने और भारत के विकास की मजबूत नींव रखने में महत्वपूर्ण योगदान दिया। इसी कारण उन्हें आधुनिक भारत का निर्माता कहा जाता है।
बाल दिवस के अवसर पर राजेश दीक्षित के नेतृत्व में कांग्रेस पदाधिकारी एवं कार्यकर्ता डॉ. लोहिया बाल विद्या मंदिर पहुंचे। यहां बच्चों को फल और टॉफियां वितरित कर उनका उत्साहवर्धन किया गया। विद्यालय प्रबंधक आचार्य वृंदावन वैश्य एवं शिक्षकों ने अतिथियों का माल्यार्पण और पुष्पगुच्छ भेंटकर स्वागत किया।
विद्यालय परिसर में बच्चों की ओर से लगाए गए विभिन्न स्टॉल आकर्षण का केंद्र रहे। इन स्टॉलों पर बच्चों ने खाद्य सामग्री बिक्री के लिए रखी थी। कांग्रेस कार्यकर्ताओं सहित आसपास के लोगों ने खरीदारी कर बच्चों का उत्साह बढ़ाया। इस दौरान विद्यालय की मुख्य सेविका चुन्नी जी की सेवाओं की सराहना करते हुए कांग्रेस जिलाध्यक्ष ने उन्हें सम्मानित किया।
कार्यक्रम में कांग्रेस शहर अध्यक्ष अफसाना शाह, शिवबली सिंह, सत्यप्रकाश द्विवेदी एडवोकेट, शोएब रिजवी, कालीचरण निगम, अमित तिवारी, हेमंत कुमार वर्मा, बी लाल भाई, संतोष कुमार द्विवेदी, शिवपूजन तिवारी, पूर्व चेयरमैन संजय गुप्ता, लालबाबू राजपूत, बल्देव प्रसाद वर्मा, केपी सेन, छेदीलाल धुरिया, शब्बीर सौदागर, सैय्यद वारिस अली, अली बख्श और वीरेंद्र धुरिया सहित विद्यालय का समस्त स्टाफ, बच्चे एवं बड़ी संख्या में स्थानीय लोग मौजूद रहे।
News Wani
