Breaking News

रतलाम में सांसद चंद्रशेखर के करीबी की ड्रग फैक्ट्री पर रेड: 10 किलो MD और हथियार बरामद

रतलाम जिले में गुरुवार देर रात पुलिस की एक गोपनीय कार्रवाई ने पूरे इलाके में सनसनी फैला दी, कालूखेड़ा थाना क्षेत्र के चिकलाना गांव में चल रही एक अवैध ड्रग फैक्ट्री पर पुलिस ने छापा मारकर भारी मात्रा में नशे का जखीरा और हथियार बरामद किए हैं । ढाई बजे रात पड़ी दबिश, करोड़ों का माल जब्त पुलिस ने गुरुवार रात करीब ढाई बजे इस फैक्ट्री पर छापेमारी की । मौके से 10 किलो से अधिक एमडी ड्रग बरामद की गई है. जिसकी अंतरराष्ट्रीय बाजार में कीमत करोड़ों रुपये बताई जा रही है । इसके अलावा करीब 3 करोड़ रुपये मूल्य के केमिकल एक 12 बोर की बंदूक 91 जिंदा कारतूस परिसर में रखे गए दो मोर और चंदन की लकड़ियां भी जब्त की गई हैं ।

16 लोग हिरासत में, मौके पर डटी रही पुलिस

छापे के दौरान पुलिस ने 16 लोगों को हिरासत में लिया है । कार्रवाई के बाद भी पुलिस अधिकारी काफी देर तक मौके पर मौजूद रहे और पूरे परिसर की बारीकी से जांच की जाती रही, फिलहाल सभी संदिग्धों से पूछताछ जारी है ।

जावरा से विधानसभा चुनाव लड़ चुका है फैक्ट्री मालिक

जिस मकान में यह अवैध फैक्ट्री संचालित हो रही थी, वह दिलावर खान पठान का बताया जा रहा है. दिलावर चिकलाना गांव का रहने वाला है और पहले आजाद समाज पार्टी से जुड़ा रहा है । जानकारी के मुताबिक वह उत्तर प्रदेश के नगीना से सांसद चंद्रशेखर आजाद का करीबी माना जाता है. दिलावर ने 2023 में जावरा विधानसभा सीट से चुनाव भी लड़ा था और पार्टी का प्रदेश पदाधिकारी रह चुका है ।

एसपी ने बनाई थी विशेष टीम, पूरी तरह गोपनीय रही कार्रवाई

नशे की फैक्ट्री की पुख्ता सूचना मिलने के बाद रतलाम एसपी अमित कुमार ने विशेष टीम का गठन किया. टीम में एएसपी राकेश खाखा, ग्रामीण एएसपी विवेक कुमार लाल और जावरा एसडीओपी संदीप मालवीय शामिल थे. पूरी कार्रवाई इतनी गोपनीय रखी गई कि टीम में शामिल अधिकारियों के अलावा किसी को भनक तक नहीं लगी ।

एक ही परिसर में रहता है परिवार, बाहर निकलने पर रोक

जिस मकान में फैक्ट्री चल रही थी, उसी परिसर में दिलावर का परिवार भी रहता है. छापेमारी के दौरान किसी भी परिजन को बाहर आने की अनुमति नहीं दी गई । मीडिया को भी अंदर प्रवेश नहीं दिया गया ।

About NW-Editor

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *