सीतापुर: गणतंत्र दिवस के पावन अवसर पर राजकीय इंटर कॉलेज सीतापुर तथा नगर के अन्य कॉलेजों के छात्र-छात्राओं द्वारा प्रातः 8 बजे देशभक्ति से ओत-प्रोत प्रभात फेरी निकाली गई। प्रभात फेरी नगर के प्रमुख मार्गों से होकर गुज़री, जिसमें विद्यार्थियों ने देशभक्ति नारे लगाकर लोगों में राष्ट्रीय चेतना का संचार किया। इसके उपरांत कॉलेज परिसर में ध्वजारोहण कार्यक्रम संपन्न हुआ। तत्पश्चात कॉलेज के सभागार में रंगारंग सांस्कृतिक कार्यक्रमों का आयोजन किया गया, जिसमें विद्यार्थियों ने एक से बढ़कर एक प्रस्तुतियाँ देकर उपस्थित जनसमूह को मंत्रमुग्ध कर दिया। कार्यक्रम के दौरान छात्र अमन भारती ने अपनी स्वयं रचित देशभक्ति कविता का भावपूर्ण पाठ किया। वहीं अर्पित अवस्थी, रिंकू कुमार, अहम चौरसिया एवं आमिल सीतापुरी ने “आजादी का ये परचम दर-दर पे उठाना है” तराने की सामूहिक प्रस्तुति देकर माहौल को देशभक्ति से सराबोर कर दिया। सभा का सफल संचालन मो० इमरान एवं ताराचंद्र पटेल द्वारा किया गया। कार्यक्रम को संबोधित करते हुए उप-प्रधानाचार्य डॉ. नरेंद्र सिंह एवं प्रधानाचार्य अशोक कुमार ने छात्रों को संविधान के मूल्यों, अधिकारों एवं कर्तव्यों के प्रति सजग रहने का संदेश दिया। इस अवसर पर कैप्टन खान शादाब ज़मीर, सुनील सिंह, राज नारायण वर्मा, अरविंद मोहन, सत्येंद्र मौर्य, सत्येंद्र गुप्ता, भूतपूर्व एनसीसी छात्र अंकुर श्रीवास्तव तथा अग्निवीर शुभम चौधरी सहित बड़ी संख्या में शिक्षकगण व छात्र उपस्थित रहे।
News Wani
