बनकटी बुजुर्ग में दो सैकड़ा ग्रामीणों की हुई जांच
जसवंतनगर (इटावा)। प्राथमिक विद्यालय बनकटी बुजुर्ग में विशाल नि:शुल्क मोतियाबिंद नेत्र जांच शिविर का आयोजन किया गया। अखिल शाक्य के संयोजन में आयोजित इस शिविर में क्षेत्र के करीब दो सैकड़ा ग्रामीणों की नेत्र जांच की गई। शिविर का शुभारंभ मुख्य अतिथि समाजसेवी प्रेम कुमार शाक्य ने फीता काटकर किया। इस अवसर पर उन्होंने कहा कि ग्रामीण अंचलों में आज भी आंखों से जुड़ी बीमारियों के प्रति जागरूकता तथा सुलभ उपचार की कमी बनी हुई है। ऐसे शिविर जरूरतमंद लोगों को नि:शुल्क चिकित्सा सुविधा उपलब्ध कराते हैं। किसी ग्रामीण व्यक्ति की आंखों की रोशनी लौटना केवल उसका ही नहीं, बल्कि पूरे परिवार और समाज के लिए उजाले के समान है। समाजसेवा के ऐसे मानवीय प्रयास निरंतर चलते रहने चाहिए। शिविर संयोजक अखिल शाक्य ने कहा कि भविष्य में भी इसी प्रकार के जनहितकारी स्वास्थ्य शिविर आयोजित किए जाएंगे, जिससे अधिक से अधिक ग्रामीणों को इसका लाभ मिल सके और कोई भी जरूरतमंद व्यक्ति इलाज से वंचित न रहे। शिविर में नेत्र जांच के दौरान मोतियाबिंद से पीड़ित मरीजों की पहचान की गई। पात्र लाभार्थियों को आयुष्मान कार्ड एवं पं. दीनदयाल उपाध्याय राज्य कर्मचारी स्वास्थ्य योजना के अंतर्गत नि:शुल्क ऑपरेशन की सुविधा उपलब्ध कराई जाएगी। शिविर में नेत्र परीक्षक प्रतिभा पाठक, प्रवीन तिवारी, शशांक दुबे तथा सहायक शिव प्रताप आदि ने अपनी सेवाएं दीं। ग्रामीणों ने शिविर के सफल आयोजन के लिए आयोजकों एवं चिकित्सकीय टीम का आभार व्यक्त किया। इस अवसर पर मंजीत शाक्य, नितिन शाक्य, कौशल शाक्य, हिमांशु शाक्य, विक्रम शाक्य, रोहित शाक्य, राहुल श्रीवास्तव, रामदास चक, आलोक ठाकुर, सिपाहीराम शाक्य, इच्छाराम शाक्य सहित अनेक लोग उपस्थित रहे।
News Wani
