फतेहपुर। उत्तर प्रदेश माटीकला बोर्ड द्वारा वित्तीय वर्ष 2026-27 में माटीकला से जुड़े परम्परागत कामगारों के कौशल विकास के लिए 15 दिवसीय आवासीय माटीकला शिल्पकारी प्रशिक्षण आयोजित किया जाएगा। प्रशिक्षण मण्डलीय ग्रामोद्योग प्रशिक्षण केन्द्र, अनुवा-जंघई, प्रयागराज में होगा।
जिला ग्रामोद्योग अधिकारी फतेहपुर ने बताया कि प्रशिक्षण पूर्णतः आवासीय होगा। जनपद से चयनित 20 लाभार्थियों को माटीकला के विभिन्न पहलुओं के संबंध में मास्टर ट्रेनर द्वारा क्रियात्मक प्रशिक्षण दिया जाएगा।
उन्होंने बताया कि कुम्हारी कला से जुड़े इच्छुक महिला एवं पुरुष अभ्यर्थी उत्तर प्रदेश माटीकला बोर्ड की वेबसाइट upmatikalaboard.in के ई-पोर्टल पर ऑनलाइन आवेदन कर सकते हैं। आवेदन के साथ फोटो, आधार कार्ड, जाति प्रमाण पत्र, निवास प्रमाण पत्र, शैक्षिक योग्यता एवं राशन कार्ड सहित निर्धारित अभिलेख लगाने होंगे।
ऑनलाइन आवेदन करने के बाद आवेदन पत्र का प्रिंटआउट निकालकर सभी आवश्यक स्वप्रमाणित संलग्नकों के साथ 10 सितंबर 2026 तक जिला ग्रामोद्योग कार्यालय, फतेहपुर में जमा करना होगा। किसी भी दशा में मैनुअल रूप से भरा गया आवेदन पत्र स्वीकार नहीं किया जाएगा।
प्रशिक्षण एवं आवेदन से संबंधित विस्तृत जानकारी जिला ग्रामोद्योग कार्यालय, 77/274-बी, सिविल लाइंस, एलआईसी बिल्डिंग के सामने, फतेहपुर से प्राप्त की जा सकती है।

News Wani