इन नक्सलियों के मारे जाने की पुष्टि : फिलहाल, जिन नक्सलियों के मारे जाने की पुष्टि हुई है, उनमें नक्सली मेटरू जोगा राव उर्फ टेक शंकर, सीता, ज्योति और कई अन्य बड़े कैडर के नक्सली शामिल हैं। सुरक्षा बलों का सर्चिग ऑपरेशन जारी है। मौके से कई महत्वपूर्ण सामग्री, हथियार और उपकरण बरामद किए गए हैं। बता दें कि मंगलवार को इसी क्षेत्र में फोर्स ने एक करोड़ रुपये के इनामी नक्सली हिड़मा को उसकी पत्नी समेत छह नक्सलियों ढेर किया था।
तीन एसजेडसीएम समेत 50 नक्सली गिरफ्तार: सूत्रों के मुताबिक, नक्सलियों के जगरगुंडा, केरलापाल एरिया कमेटी समेत कई सक्रिय नक्सली गिरफ्तार किये गये हैं। नक्सली मदन्ना उर्फ जग्गु दादा को भी फोर्स ने दबोचा है। बस्तर इलाके में चर्चित एरिया कमांडर सोड़ी मनीला भी गिरफ्तार हुई है। बताया जाता है कि तीन एसजेडसीएम समेत 50 नक्सलियों को आंध्र प्रदेश पुलिस ने अरेस्ट किया है। पिछले दो दिनों में नक्सल संगठन को अब तक का सबसे बड़ा झटका लगा है। अब तक का सबसे बड़ा नुकसान हुआ है।
इधर राजनांदगांव में एक जवान की शहादत: दूसरी ओर राजनांदगांव जिले के बोरतालाब थाने के कौहापानी के पास जंगल में पुलिस नक्सली मुठभेड़ के दौरान एक जवान आशीष शर्मा शहादत को प्राप्त हो गये। मध्य प्रदेश और छत्तीसगढ़ पुलिस की ज्वाइंट ऑपरेशन के दौरान मुठभेड़ में वीरगति को प्राप्त हो गये। मध्य प्रदेश और छत्तीसगढ़ की संयुक्त सर्चिंग पार्टी सुबह सर्चिंग पर निकली थी। इस दौरान नक्सलियों ने घात लगाकर फोर्स पर हमला कर दिया। फोर्स ने भी जवाबी कार्रवाई की और दोनों तरफ से कई घंटे तक गोलीबारी चलती रही और एक जवान घायल हो गया। घायल जवान को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र डोंगरगढ़ लाया गया, जहां उपचार के दौरान जवान की मौत हो गई। फिलहाल, फोर्स का गश्त अभियान जारी है।
सरकार ससम्मान पुनर्वास के लिए तैयार: डिप्टी सीएम विजय : छत्तीसगढ़ के डिप्टी सीएम विजय शर्मा ने चर्चा में कहा कि विभिन्न क्षेत्रों में सर्च ऑपरेशन लगातार जारी है और परिणाम भी मिल रहे हैं। हमने एक बार फिर अपील की है कि जिनको मुख्यधारा में वापस आना है, वो पुनर्वास करें। सरकार ससम्मान पुनर्वास के लिए तैयार है। चर्चा है कि छत्तीसगढ़-आंध्रप्रदेश बॉर्डर पर हुई मुठभेड़ में पोलित ब्यूरो मेंबर और नक्सल महासचिव देवजी समेत कुल सात नक्सली मारे गये हैं। इनमें तीन महिला नक्सली भी शामिल हैं। सभी के शव और हथियार बरामद कर लिए गए हैं। फिलहाल 4 नक्सलियों की पहचान हो चुकी है। बाकी की भी शिनाख्ती जारी है। दूसरी ओर 50 नक्सली भी गिरफ्तार किये गये हैं। इनमें नक्सलियों का जगरगुंडा एरिया कमेटी प्रमुख नक्सली कमांडर लखमा भी शामिल है।