Breaking News

लखनऊ शादी में दहशत, भगदड़ और खौफनाक 8 घंटे

लखनऊ में एक शादी में अचानक तेंदुआ घुस गया। उसे देखते ही मैरिज हॉल में अफरा-तफरी मच गई। लोग जान बचाने के लिए इधर-उधर भागने लगे। कैमरामैन ने सीढ़ियों से छलांग लगा दी। दूल्हा-दुल्हन भी डरकर कार में जाकर बैठ गए। शादी में तेंदुए की एंट्री की खबर मिलते ही हड़कंप मच गया। पुलिस और वन विभाग की टीम मैरिज हॉल पहुंच गई। बाहर से भीड़ को हटाया। पुलिस ने तुरंत ड्रोन मंगाया। मैरिज हॉल के ऊपर ड्रोन उड़ाया तो छत पर तेंदुआ नजर आया। वन विभाग की टीम सीढ़ियों से ऊपर जा रही थी, तभी अचानक तेंदुआ नीचे आ गया। पुलिसकर्मियों को देखकर तेंदुआ गुर्राया। एक पुलिसकर्मी पर झपट्‌टा मारा। डरकर दरोगा के हाथ से राइफल छूट गई।

तेंदुए ने दरोगा मुकद्दर अली के हाथ पर हमला कर दिया। फिर मैरिज हॉल के दूसरी तरफ भाग गया। कई घंटे तक पुलिस और वन विभाग की टीम तेंदुए को पकड़ने की कोशिश करती रही। कभी अंदर जाती तो कभी भागकर बाहर आती। तेंदुआ भी पूरे मैरिज हॉल में इधर-उधर भागता रहा। बड़ी मुश्किल से वन विभाग की टीम तेंदुए को मैरिज हॉल से पकड़ पाई। घटना हरदोई रोड पर बुद्धेश्वर रिंग रोड स्थित एम.एम. लॉन का है। आलमबाग के पूरन नगर निवासी अक्षय श्रीवास्तव की शादी ज्योति के साथ बुद्धेश्वर रिंग रोड स्थित एम.एम. लॉन में हो रही थी। अभिषेक यूट्यूबर है। बुधवार रात करीब 9 बजे थे। बाराती-घराती नाश्ता कर रहे थे। दो कैमरामैन दूल्हा-दुल्हन का वीडियो शूट करने के लिए मैरिज हॉल में अच्छी लोकेशन की तलाश कर रहे थे। तभी मैरिज हॉल में तेंदुआ घुस आया।

तेंदुए को देखते ही कैमरामैन हड़बड़ा गया। एक कैमरामैन ने सीढ़ियों से छलांग लगा दी। दूसरा दौड़ता हुआ मैरिज हॉल के लॉन पर आ गया। वह चिल्लाने लगा कि तेंदुआ अंदर घुस आया है। यह सुनते ही किसी ने बाथरूम में अपने आप को बंद कर लिया तो कुछ लोग कमरों में जाकर छिप गए। दहशत ऐसी कि कमरे में बंद लोग मदद के लिए शोर मचा रहे थे। मैरिज हॉल के मालिक रहमान ने बताया- अचानक से मैरिज हॉल में चीख-पुकार मच गई। कुछ समझ नहीं आया। डर के चलते जिसको जहां जगह मिली, वह जान बचाकर भागने लगा। पूरे लॉन में बचाओ, बचाओ की आवाज आने लगी। जल्दी-जल्दी पूरे मैरिज हॉल को खाली कराया गया बाराती प्लेटें छोड़कर भागे, दूल्हा-दुल्हन कार में छिपे तेंदुए की एंट्री करते ही पलभर में बारात का पूरा सीन बदल गया। पूरे मैरिज हॉल में चीख-पुकार मच गई। लोग अपनी प्लेटें छोड़कर भाग गए।

दूल्हा-दुल्हन भी डरकर भाग गए। बाहर गाड़ी में जाकर बैठ गए। हलवाई-कैटरिंग वाले भी भाग गए। कुछ ही देर में पूरा मैरिज हॉल खाली हो गया। नीचे भीड़ और शोर सुनकर तेंदुआ मैरिज हॉल की छत पर जाकर बैठ गया। इसके बाद लोगों ने गेस्ट हाउस के चैनल गेट को बंद कर दिया और पुलिस को सूचना दी। तेंदुए ने दरोगा के हाथ पर मारा झपट्‌टा करीब 10 बजे पुलिस और वन विभाग की टीम पहुंची। वहां से लोगों को हटाया। ड्रोन मंगाया। फिर चैनल गेट खोलकर अंदर घुसी। टीम सीढ़ियों से ऊपर की तरफ जा रही थी, तभी तेंदुए ने हमला कर दिया। आगे चल रहे वन दरोगा मुकद्दर अली का हाथ पकड़ लिया, जिससे उनके हाथ में गहरे जख्म हो गए। फिर तेंदुआ मैरिज हॉल के दूसरी तरफ भाग गया। दूल्हा-दुल्हन के घरवाले और रिश्तेदार कारों में बैठकर तेंदुए को पकड़ने जाने का इंतजार करते रहे। रात 1 बजे दुल्हन के घरवालों ने को बताया- हम लोगों ने खाना भी नहीं खाया था कि तेंदुए ने हमला कर दिया। पूरा खाना बर्बाद हो गया। सारे रिश्तेदार और बाराती चले गए।

पुलिस और वन विभाग की टीम ने रात में ही पूरे इलाके में अनाउंस किया। लोगों को सतर्क रहने के लिए कहा गया। अकेले न निकलने की हिदायत दी गई। छतों के दरवाजे बंद रखने के निर्देश दिए। दरअसल, पुलिस को आशंका थी कि तेंदुआ मैरिज हॉल से भागकर किसी डर में न घुस जाए। रात 10 बजे पहुंची पुलिस और वन विभाग की टीम रात 2 बजे तेंदुए को पकड़ पाई। इस दौरान टीम ने कई बार अंदर जाने की कोशिश की, लेकिन तेंदुआ बार-बार हमला कर रहा था। कई राउंड की कोशिश के बाद तेंदुए को पकड़ा जा सका। तेंदुए ने जब दरोगा पर हमला किया तो पीछे चल रहे एक जवान ने डरकर गोली चला दी। हालांकि, तेंदुए के नहीं लगी। वन विभाग के एक अफसर ने बताया कि तेंदुए पूरे मैरिज हॉल में चहलकदमी कर रहा था। कई राउंड उसे ट्रैंकुलाइज करने की कोशिश की गई, लेकिन वह बार-बार बच जाता था। करीब 4 घंटे बाद टैंकुलाइज गन का निशाना तेंदुए को लग गया। वह बेहोश हो गया।

इसके बाद टीम ने तुरंत उसे पकड़ा और उठाकर पिंजरे में डाल दिया। वन विभाग ने तेंदुए को चिड़ियाघर में निगरानी में रखा है। तेंदुए का आज चेक किया जाएगा। इसके बाद, उसे जंगल में छोड़ा जा सकता है। जब तक तेंदुआ पकड़ा नहीं गया, तब तक दूल्हा अक्षय कार में ही बैठा रहा। करीब 2 बजे जब टीम तेंदुए को ले गई, तब जाकर लड़की और लड़के पक्ष के लोग अंदर गए। वहां अक्षय और ज्योति की शादी कराई गई। हालांकि, ज्यादातर रिश्तेदार चले गए थे। डिविजनल फॉरेस्ट अफसर शितांशु पांडेय ने कहा- मैरिज लान के पास घना जंंगल है। मलिहाबाद में आम के बगीचे हैं। लखीमपुर खीरी भी यहां से पास पड़ता है। पुलिस और वन विभाग की टीम ने पहले लॉन को घेरा। इसके बाद रेस्क्यू का काम शुरू किया। एक वन कर्मचारी भी घायल हुआ है।अखिलेश का सरकार पर निशाना सपा प्रमुख अखिलेश यादव ने पूरी घटना को लेकर सरकार पर निशाना साधा। उन्होंने कहा-शादी में तेंदुए के प्रवेश का चिंताजनक है। भाजपा सरकार में करप्शन का एक रूप ये भी है कि जंगलों में इंसानों का अतिक्रमण बढ़ता ही जा रहा है।

About NW-Editor

Check Also

एमपी में कांग्रेस का मंच धड़ाम, प्रदेशाध्यक्ष समेत कई नेता घायल!

मध्यप्रदेश विधानसभा के बजट सत्र के पहले दिन रंगमहल चौराहे पर प्रदर्शन के बीच कांग्रेस …

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *